भोपाल। राजधानी के हुजूर अनुभाग क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित हो रही कॉलोनियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सोमवार को एक बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। प्रशासन की टीम ने भारी पुलिस बल और नगर निगम के अमले के साथ मिलकर सेवनिया ओंकारा, अरेड़ी और ग्राम डोबरा जागीर में बन रहीं कुल ५ अवैध कॉलोनियों पर एक साथ ‘पीला पंजा’ (जेसीबी) चलाया। इस औचक कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बनाई जा रही सड़कें, बाउंड्रीवॉल और कॉलोनियों के मुख्य द्वारों (गेट्स) को पूरी तरह से जमींदोज कर दिया गया। एक ही दिन में पांच अलग-अलग स्थानों पर हुई इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया है।
प्रशासनिक अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया के नेतृत्व में अंजाम दी गई। एसडीएम सोनकिया ने बताया कि ये सभी कॉलोनियां बिना किसी वैधानिक अनुमति और टीएंडसीपी (टाउन एंड कंट्री प्लानिंग) की मंजूरी के बिना अवैध रूप से विकसित की जा रही थीं। इसे लेकर प्रशासन द्वारा संबंधित कॉलोनाइजरों को पहले ही नियमानुसार नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था, लेकिन उनकी ओर से कोई संतोषजनक कदम नहीं उठाए जाने के बाद सोमवार को पुलिस और नगर निगम के अमले को साथ लेकर यह संयुक्त कार्रवाई की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को हुई इस बड़ी कार्रवाई के दायरे में मुख्य रूप से सेवनिया ओंकारा स्थित स्वास्तिक विहार, प्रतिभा सिटी और निधिवन विहार कॉलोनी आई हैं। इसके साथ ही अरेड़ी स्थित अन्य अवैध कॉलोनियों और ग्राम डोबरा जागीर में काटी जा रही एक अवैध कॉलोनी पर भी जेसीबी की मदद से ढांचागत निर्माणों को ध्वस्त किया गया। जिला प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि शहर के आसपास के ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों में बिना अनुमति खेती की जमीनों पर प्लॉटिंग करने वाले और अवैध कॉलोनियां बसाने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ आने वाले दिनों में भी इसी तरह की सख्त ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रहेगी।
