भोपाल।
सरोजिनी नायडू शासकीय कन्या स्रातकोत्तर (स्वशासी) कन्या महाविद्यालय भोपाल में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव के अंतर्गत दिनांक 06 मार्च 2025 को पूर्ण व्यक्तित्व एवं प्रतिभा पर आधारित “नूतन भव्या 2025” प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को एक विशेष सामाजिक पहल के रूप में आरूषि संस्थान विजिट हेतु ले जाया गया का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. दीप्ति श्रीवास्तव ने अपनी शुभकामनाएँ व्यक्त करते हुए छात्राओं को सामाजिक सेवा के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. अर्चना गौर एवं अन्य समिति सदस्यों के मार्गदर्शन में नूतन भव्या 2025 प्रतियोगिता की प्रतिभागियों ने भोपाल स्थित आरूषि संस्था का दौरा किया जो विशेष रूप से निशक्तजनों के पुनर्वास एवं देखभाल के लिए कार्यरत है।
प्रतिभागियों ने आरूषि के विद्यार्थियों से मुलाकात की, उनके साथ समय बिताया और उनकी आवश्यकताओं को समझने का प्रयास किया। इस दौरान, छात्राओं ने निशक्तजनों को विभिन्न उपहार भेंट किए और उनके जीवन में खुशियाँ बाँटने का प्रयास किया। इस अनूठी पहल ने छात्राओं को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझने और इसे व्यवहार में लाने का अवसर प्रदान किया।
यह कार्यक्रम न केवल प्रतिभागियों के लिए एक सीखने का अनुभव था, बल्कि समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता को भी बढ़ावा देने वाला साबित हुआ। इस प्रकार के प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होते हैं और युवा पीढ़ी को जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।
