-साकेत नगर में गौर उद्यान का लोकार्पण
भोपाल।
साकेत नगर में शुक्रवार को लगभग 25 लाख रुपए की लागत से पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बाबूलाल गौर की जयंती पर वार्ड 54 में गौर उद्यान का लोकार्पण किया गया। इस मौके पर उद्यान में लगी स्व. बाबूलाल गौर की प्रतिमा का गोविंदपुरा विधायक कृष्णा गौर ने माल्यार्पण किया।
पार्क को नगर निगम द्वारा बनवाया गया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक कृष्णा गौर ने कहा कि मुझे हमेशा पूज्यनीय बाबू जी का भरपूर आर्शीवाद मिला। किसी भी चुनौती और संकट के समय उनका आर्शीवाद ही मेेरे काम आया। वे हमेशा कहते थे कि परेशानी या चुनौती के समय धैर्य से काम लेना चाहिए।
बाबूजी ने गोविंदपुरा के लिए वटवृक्ष साबित हुए और यहां चंहुमुखी विकास कराया। विधायक श्रीमती गौर ने कहा कि वार्ड 54 के पार्षद जितेन्द्र शुक्ला ने कम समय में ही जनता के बीच अपनी अलग छवि बना ली है। वे जनता की शिकायत पर तुरंत निदान करने पहुंचे रहे, जिससे जनता खुश है।
स्व. गौर की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में इस वार्ड 54 के पार्षद जितेंद्र शुक्ला ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बाबूलाल गौर ने गोविंदपुरा ही नहीं बल्कि भोपाल और पूरे प्रदेश में विकास के ऐसे कार्य किए, जिससे आज भी उन्हें विकास पुरूष के नाम से पहचाना जाता है। श्री शुक्ला ने बताया कि आज स्व. गौर की जयंती के मौके पर साकेत नगर में स्व. गौर साहब की प्रतिमा का अनावरण किया गया। वे 90 के दशक में ही बुलडोजर मंत्री के नाम से प्रसिद्ध हुए। आज वीआईपी रोड का विकास उनकी ही देन है।
स्व. बाबूलाल गौर की जयंती पर गोविंदपुरा विधानसभा के सभी वार्डो में कार्यक्रम आयोजित किए गए। पार्क के लोकार्पण अवसर पर स्थानीय पार्षद एवं एमआईसी सदस्य जितेन्द्र शुक्ला, जिला मंत्री भीकम सिंह, पूर्व मंडी अध्यक्ष भागीरथ पाटीदार, पूर्व थ्रिफ्ट सोसायटी के अध्यक्ष करनैल सिंह, एचएमएस के अध्यक्ष अमर सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता सोमदत्त द्विवेदी, विधानसभा प्रभारी बारेलाल अहिरवार, गणेशराम नागर, पीएन गुप्ता, मनोज विश्वकर्मा, पार्षद शीला पाटीदार, पार्षद प्रताप पारे, पार्षद सुरेन्द्र बाडि़का, आनंद पाठक, सुनील द्विवेदी, प्रवीण पाठक, आदित्य दुबे, मनोज साहू सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।
स्व. गौर की मनाई जयंती: इधर, बाबूलाल गौर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय भेल के सभा कक्ष में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बाबूलाल गौर जी की जयंती जनभागीदारी समिति ने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं प्रोफेसर एवं समिति के सदस्यों की उपस्थिति में मनाई। स्व. श्री गौर की जयंति की मौके पर सुंदरकांड के पाठ का आयोजन किया गया। जो देर रात तक चलता रहा।
