– भारी उद्योग मंत्रालय के संयुक्त सचिव ने कारखाने के ब्लॉकों का किया निरीक्षण,अफसरों की ली बैठक
भोपाल
बीएचईएल में शनिवार को भारी उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव विजय मित्तल ने अपने अल्प प्रवास के दौरान कारखाने के यूएचवी लैब, न्यू ट्रांसफॉर्मर, ब्लाक-1,2,3 एवं हाइड्रो लैब तथा एचवीओएफ का अवलोकन किया । उन्होंने यहां चल रहे कार्यों एवं सुविधाओं का जायजा लिया । इसके बाद उन्होंने सभी शीर्ष महाप्रबंधकों की बैठक बैठक में उत्पादन के संबंध में जानकारी भी ली । इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक विनय निगम ने बीएचईएल भोपाल के विभिन्न उत्पादों के विषय में जानकारी देते हुए यहां चल रहे कार्यों के विषय में उन्हें प्रस्तुतिकरण दिया ।
श्री निगम ने उन्हें बताया कि कारखाने में ट्रांसफॉर्मर, हाइड्रो तथा अन्य विभागों में विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हैं और इन सुविधाओं का अपग्रेडेशन भी किया जा रहा है ताकि भविष्य में नए उत्पादों के निर्माण में सुविधा हो । इस दौरान श्री मित्तल ने यहां उपलब्ध सुविधाओं की प्रशंसा की और कहा कि औद्योगिक जगत में बीएचईएल एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है और देश के औद्योगिक विकास में इसकी भूमिका अहम है । विजिट के दौरान निदेशक विनय निगम एवं महाप्रबंधक अविनाश चन्द्रा भी उनके साथ मौजूद थे।
