भेल हरिद्वार।
बीएचईएल हरिद्वार में 30 अक्टूबर से 05 नवम्बर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है जिसका विषय है भ्रष्टाचार का विरोध करें, राष्ट्र्र के प्रति समर्पित रहें । इस अवसर पर बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक प्रवीण चन्द्र झा ने अपने संदेश में कहा कि भ्रष्टाचार किसी भी संस्थान की विश्वसनीयता को कम कर देता है । उन्होंने कहा कि एक सार्वजनिक क्षेत्र का उद्यम होने के नाते, हमारी कार्यशैली उच्चतम नैतिक मूल्यों के अनुरूप होनी चाहिए । इस उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की श्रंखला में भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से, एक साइकिल रैली ‘साइक्लोथॉनÓ का आयोजन किया गया ।
महाप्रबंधक (प्रभारी) सीएफएफपी वीके रायजादा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया । मुख्य प्रशासनिक भवन (हीप) परिसर से प्रारम्भ होकर यह रैली, उपनगरी के विभिन्न मार्गों से होती हुई वापस मुख्य प्रशासनिक भवन पर आकर समाप्त हुई । इस रैली में 50 से अधिक साइकिल चालकों ने भाग लेकर, सतर्कता जागरूकता के जन अभियान में अपना योगदान दिया । इस अवसर पर महाप्रबंधकगण, अपर महाप्रबंधक (सतर्कता) रितेश कुमार श्रीवास्तव सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि एवं सतर्कता विभाग के सदस्य आदि मौजूद रहे ।
