– महात्मा गांधी-लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर बोले बीएचईएल के ईडी राजीव सिंह
भोपाल
बीएचईएल के कमला नेहरू पार्क, बरखेड़ा एवं शास्त्री पार्क में सोमवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाई गई । राजीव सिंह, कार्यपालक निदेशक, बीएचईएल तथा सभी गणमान्य अतिथियों ने उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया । इस अवसर पर बीके सिंह, महाप्रबंधक एवं अध्यक्ष अविनाश चन्द्रा, महाप्रबंधक एवं उपाध्यक्ष तथा कार्यकारिणी के सदस्य सहित सभी महाप्रबंधगण, समस्त यूनियन के प्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे ।
श्री सिंह ने इस अवसर पर कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में गांधी जी ने सत्य और अहिंसा का जो मार्ग भारतवासियों को दिखाया, वह भारतीय संस्कृति का प्रतिबिम्ब है । सम्पूर्ण विश्व में यह एक अनोखा उदाहरण है और दुनिया में कहीं भी स्वाधीनता संग्राम की लड़ाई अहिंसा के बल पर सफल नहीं हुई । स्व.श्री शास्त्री जी व्यक्तित्व भारतीय इतिहास में सत्य निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण का अनुपम उदाहरण है ।
उन्होंने कहा कि एक ही तिथि को ऐसी दो विभूतियों का जन्मदिन होना एक महान और सुखद संयोग है । इसके उपरांत नर्मदा अतिथि गृह के प्रांगण में महात्मा गांधी जी के लोकप्रिय भजन गायन का कार्यक्रम आयोजित हुआ । जेपी मरावी द्वारा प्रस्तुत भजनों की सभी ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की । इधर महात्मा गांधी जी की 153 वीं जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जी की 119 वीं जयंती के अवसर पर श्रमिक नेता दीपक गुप्ता ने गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में कई जगह उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए
