-थ्रिफ्ट सोसायटी को चेतावनी पत्र, आपूर्ति की गुणवत्ता खराब होने के कारण भुगतान निरस्त
-कैंटीन में कार्यरत अधिकारी एवं पर्यवेक्षक को भी चेतावनी पत्र जारी
– कैंटीन के कुछ कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से हटाया
– अब रोजाना कैंटीन में बन रहे खाद्य पदार्थ और साफ सफाई की होगी निगरानी
भोपाल।
बीएचईएल भोपाल में मंगलवार को कैंटीन नं. 1 में हुई घटना पर अविलंब कार्यवाही करते हुए सब्जी प्रदाता थ्रिफ्ट सोसायटी को चेतावनी पत्र देने के साथ आपूर्ति की गई सामग्री की गुणवत्ता खराब होने के कारण भुगतान निरस्त कर दिया गया। इसके साथ ही कैंटीन में कार्यरत अधिकारी एवं पर्यवेक्षक को भी चेतावनी पत्र जारी किया गया और उनसे कहा गया कि किसी भी हाल में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो और कैंटीन में बन रही खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए जो व्यक्ति सब्जी काटने, धोने का कार्य करता था, उसे इस कार्य से हटा दिया गया और कैंटीन समिति को यह कहा गया है वे नियमित रूप से प्रतिदिन कैंटीन में बन रहे खाद्य पदार्थ और साफ सफाई की निगरानी करें ।
प्रबंधन का कहना है कि बीएचईएल, भोपाल द्वारा संचालित कैंटीन 1 में नियमित कर्मचारियों, ठेका श्रमिकों, प्रशिक्षुओं तथा विजिटर्स को अग्रिम बुकिंग के आधार पर लंच की व्यवस्था कराई जाती है । इस कैंटीन के संचालन के लिए कैंटीन समिति भी बनी है और इनके द्वारा यहां बनाए जा रहे भोजन तथा भोजन की गुणवत्ता की समय समय पर जांच की जाती है ।
मंगलवार को लंच के समय एक थाली में परोसी गई सब्जी में इल्ली देखी गई। कर्मचारियों द्वारा इस बात की शिकायत किए जाने पर मानव संसाधन प्रबंधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी अपर महाप्रबंधक आरिफ सिद्दीकी अपने दल बल के साथ तत्काल कैंटीन पहुंचे और किसी भी व्यक्ति को यह सब्जी न देने की हिदायत देते हुए सब्जी हटा दी गई लेकिन एक कतिपय यूनियन के प्रतिनिधियों ने इस घटना को काफी बढ़ाचढ़ाकर प्रस्तुत किया कि कई कर्मचारियों को उल्टियां हुई । इससे जहां कर्मचारियों में असंतोष फैल गया।
अविनाश चन्द्रा, महाप्रबंधक ने इस घटना की जानकारी प्राप्त होते ही कैंटीन में खाना खाने वाले कर्मचारियों, यूनियन प्रतिनिधियों एवं कैंटीन तथा मानव संसाधन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा की और यह हिदायत दी कि किसी भी हाल में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो । उन्होंने कहा कि बीएचईएल प्रबंधन अपने कर्मचारियों के स्वास्थ्य उनके खानपान और उनकी सुविधाओं के प्रति पूर्णत: प्रतिबद्ध है और कैंटीन में साफ सफाई तथा गुणतापूर्ण भोजन की व्यवस्था करने जिम्मेदारी की बात बताई।
