भोपाल। राजधानी के गोविंदपुरा इलाके में स्थित भेल के खंडहरनुमा मकानों में फिल्मी अंदाज में लूट करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने सलाखों के पीछे भेज दिया है। करीब एक महीने पुरानी इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की धरपकड़ की। पकड़े गए आरोपियों में शहर का एक निगरानी बदमाश भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, घटना 18 मार्च की रात की है जब कुनाल त्रिपाठी और गौरव मीणा भेल के सुनसान खंडहर में शराब पार्टी कर रहे थे। इसी बीच दो बदमाश वहां पहुंचे। एक बदमाश ने युवकों की गर्दन पर चाकू अड़ा दिया, जबकि उसका दूसरा साथी मोबाइल से पूरी वारदात का वीडियो बनाता रहा।
बदमाशों के खौफ से घबराए युवकों ने अपना मोबाइल, नकद रुपये, जरूरी दस्तावेज और यहां तक कि अपनी बाइक की चाबी भी लुटेरों के हवाले कर दी। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित युवकों ने डर के मारे पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। लेकिन जब बदमाशों द्वारा बनाया गया लूट का ‘लाइव वीडियो’ इंटरनेट पर वायरल हुआ, तो पुलिस ने संज्ञान लिया। गोविंदपुरा थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर ने बताया कि वीडियो के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई, जिससे आरोपियों की पहचान हो सकी।
पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को शुक्रवारा मार्केट से दबोच लिया। मुख्य आरोपी की पहचान बाणगंगा निवासी सचिन उर्फ बच्चा के रूप में हुई है, जो श्यामला हिल्स थाने का निगरानी बदमाश है। उसका दूसरा साथी मार्टिन भी पुलिस की गिरफ्त में है। पुलिस ने इनके पास से लूटा हुआ मोबाइल, दस्तावेज और पीड़ित की बाइक बरामद कर ली है।
