भेल भोपाल।
बीएचईएल भोपाल में बुधवार को राष्ट्रीय उत्पादकता सप्ताह—2025 का शुभारंभ कार्यपालक निदेशक एसएम रामनाथन ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को उत्पादकता की शपथ दिलाकर किया। इस अवसर पर पीके उपाघ्याय, महाप्रबंधक (ऑपरेशन) सभी महाप्रबंधकगण एवं डीआरओ उपस्थित थे। इस वर्ष राष्ट्रीय उत्पादकता सप्ताह का विषय विचार से प्रभाव तक, प्रतिस्पर्धी स्टार्टअप के लिए बौद्धिक संपदा की रक्षा करना था।
अपने संबोधन में श्री रामनाथन ने कहा कि कंपनी में उत्पादकता बढ़ाने के लिए सभी कर्मचारियों को समान रूप से प्रोत्साहित किया जाए। नवाचार संचालित अर्थव्यवस्था में स्टार्टअप की सफलता के लिए बौद्धिक संपदा (आईपी) बहुत महत्वपूर्ण है। एक ठोस बौद्धिक संपदा(आईपी) रणनीति नवाचारों की सुरक्षा कर मूल्यांकन बढ़ाती है, बाजार स्थिति को मजबूत करती है एवं निवेश को आकर्षित करती है।
उन्होंने बताया कि स्टार्टअप उत्पादकता उपकरणों और कार्यप्रणाली के साथ मिलकर संसाधनों का अनुकूलन कर लागत में कमी की जा सकती है और विकास में गति लाई जा सकती है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भारत को एक वैश्विक नवप्रवर्तन अग्रणी के रूप में अपनी स्थिति को मजबूत करने के लिए अपने विचारों में नवप्रवर्तन लाने, संरक्षण करने और व्यवसायीकरण करने के लिए ज्ञान, उपकरण एवं संसाधनों के साथ स्टार्टअप को सशक्त बनाना न केवल हितकारी है बल्कि अनिवार्य भी है।
इस अवसर पर राजेश कुमार अग्रवाल, महाप्रबंधक (एसओएम) ने राष्ट्रीय उत्पादकता सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन जे राजगोपाल, अपर महाप्रबंधक (एसवाईएक्स—पीवाईएक्स) एवं आभार डॉ. भगवान सिंह, अभियंता(पीवाईएक्स) ने किया।
