कवि सम्मेलन आज, रविवार को इंडियन आइडल 11 फेम चेतना भारद्धाज देंगी प्रस्तुति
भोजपाल महोत्सव मेले में दी जा रही रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुति
भोपाल.
राजधानी के भेल दशहरा मैदान पर चल रहे भोजपाल महोत्सव मेला मंच पर शुक्रवार को बॉलीवुड नाइट में सा रे गा मा प इंडियन आइडल फेम वैशाली रायकवार ने सुमधुर गीतों की प्रस्तुति दी। रायकवार ने फिर से एक बार गुजर जाते हैं, चल तेरे इश्क में पड़ जाते हैं की प्रस्तुति से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद एक से बढ़कर एक सुमधुर गीतों की प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि सेवा भारतीय क्षेत्र संगठन मंत्री एवं रेडक्रॉस सोसाइटी के महासचिव रामेंद्र भाई ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर मेला अध्यक्ष सुनील यादव, संयोजक विकास विरानी, महामंत्री हरीश कुमार राम, उपाध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी, महेंद्र नामदेव, अखिलेश नागर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। मेला देखने रोजाना बड़ी संख्या में शहरवासियों के साथ आसपास क्षेत्रों से लोग परिवार के साथ पहुंच रहे हैं। मेले में चल रहे सांस्कृतिक आयोजनों की शृंखला में शनिवार को कवि सम्मेलन और रविवार को बॉलीवुड नाइट में इंडियन आइडल 11 की शीर्ष 15 प्रतियोगियों में शामिल चेतना भारद्धाज सुमधुर गीतों की प्रस्तुति देंगी।
कवि सम्मेलन में लोगों को गुदगुदाएंगे ये कवि
मेला मंच पर शनिवार को आयोजित होने वाले कवि सम्मेलन में देश के जाने माने कवि अपनी गीत, गजल, वीर रस और हास्य की प्रस्तुति से लोगों को गुदगुदाएंगे और जोश भरेंगे। कवि सम्मेलन में शशिकांत यादव (सब रस संचालक), फिल्म गीतकार विष्णु सक्सेना, हास्य कवि सुदीप भोला अपनी गीत गजलों से लोगों को गुदगुदाएंगे। वहीं वीर रस की कवि साक्षी तिवारी अपनी प्रस्तुति से लोगों में देश भक्ति की गीतों से जोश भरेंगी तो हास्य कवि मुन्ना बैटरी लोगों को अपनी प्रस्तुति से चार्ज करेंगे।
चेतना भारद्धाज की प्रस्तुति रविवार को
चेतना भारद्धाज का जन्म साहिबाबाद गाजियाबाद में मध्यवर्गीय परिवार में हुआ। चेतना सिंगिंग रियलिटी शो “इंडियन आइडल 11” की शीर्ष 15 प्रतियोगियों में से एक हैं। बचपन से ही संगीत में उनकी गहरी रुचि थी। वह छह साल की उम्र से भारतीय शास्त्रीय संगीत सीख रही हैं। चेतना भारद्वाज ने 2016 में दिल्ली में रूहान द बैंड जैसे बैंड के साथ स्टेज शो करके अपने गायन करियर की शुरुआत की। इंडियन आइडल 11 से पहले चेतना ने कई सिंगिंग रियलिटी शो में ऑडिशन दिया था, लेकिन ऑडिशन पास नहीं कर पाई थीं। उन्होंने “वे माही, तुझे कितना चाहने लगे, और आओ हुज़ूर तुमको जैसे गानों की प्रस्तुति दे चुकी हैं। चेतना को इंडियन आइडल 11 में “करिश्माई चेतना” का टैग मिल चुका है। संगीत के अलावा उन्हें नृत्य का भी शौक है।
मेला में भव्य सांस्कृतिक मंच, स्वागत द्वार, टे्रडिशनल सेल्फी जोन, द गे्रट जैमिनी सर्कस में रसिशन और अफ्रीकन कलाकारों की प्रस्तुति के साथ ही विभिन्न तरह के 60 से ज्यादा झूले और जंगलबुक में मोगली और उसके साथी लोगों का मनोरंजन करा रहे हैं। रविवार को मेला देखने दो लाख से अधिक लोग पहुंचे। अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि यह शहरवासियों को प्यार और आशीर्वाद है, जो भरपूर मिल रहा है।
