भेल भोपाल।
बीएचईएल भोपाल यूनिट में गुरुवार को आईएफएक्स सभागार में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष, अंतर सिंह आर्य की उपस्थिति में अनुसूचित जनजाति के कर्मचारियों से संबंधित विषयों पर एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बीएचईएल भोपाल के कार्यपालक निदेशक एसएम रामनाथन, अनुसूचित जनजाति आयोग के वरि. अधिकारीगण, बीके सिंह, महाप्रबंधक (मा.सं.), अन्य सभी महाप्रबंधकगण, सम्पर्क अधिकारी (लाईजन ऑफिसर अनुसूचित जनजाति), अनुसूचित जनजाति की एसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
श्री आर्य ने बीएचईएल भोपाल में कार्यरत अनुसूचित जनजाति के कर्मचारियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली तथा उनमें वृद्धि करने की यथासम्भव कोशिश करने पर बल दिया। उन्होंने बीएचईएल भोपाल में कार्यरत अनुसूचित जनजाति के कर्मचारियों की समस्याओं के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने बीएचईएल भोपाल प्रबंधन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम मे आयोग की टीम के साथ किए गए समन्वयन की प्रशंसा की तथा आयोजनकर्ताओ को भी सराहा।
सभी उपस्थित सदस्यों ने अनुसूचित जनजाति के उत्थान हेतु सरकार द्वारा निर्देशित प्रावधानों एवं इनके क्रियान्वयन में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की भूमिका तथा दिये गए दिशानिर्देशों के महत्व के बारे में जाना। इस अवसर पर राजेश कुमार अग्रवाल, महाप्रबंधक (एसओएम) ने बीएचईएल भोपाल के बारे में संक्षिप्त में जानकारी दी एवं बीएचईएल भोपाल के निर्मित उत्पादों समेत उत्पादन क्षमताओं पर प्रस्तुतिकरण दिया। कार्यक्रम का संचालन आरिफ अहमद सिद्दीकी, अपर महाप्रबंधक (मा.सं) द्वारा किया गया।
