भोपाल।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अंतर्गत कार्यरत पॉवर डिस्ट्रीब्युशन ट्रेनिंग सेन्टर द्वारा पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के 210 तृतीय श्रेणी कार्मिकों को प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु पहले चरण में 30 प्रतिभागियों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ निदेशक (पीडीटीसी) अनिल कुमार खत्री ने किया। इसी दौरान ग्रामीण विद्युतीकरण निगम के प्रशिक्षण केन्द्र हैदराबाद द्वारा मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सूचना प्रौद्योगिकी, मानव संसाधन एवं वित्त अनुभाग के अधिकारियों के लिए ‘‘चेंज मैनेजमेंट, लीडरशिप एंड टीम बिल्डिंग‘‘ विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण सत्र भी शुरू हुआ।
प्रशिक्षण सत्र के शुभारंभ अवसर पर पॉवर डिस्ट्रीब्युशन ट्रेनिंग सेन्टर के निदेशक अनिल कुमार खत्री ने कहा कि कार्मिकों की कार्यकुशलता और दक्षता में वृद्धि के लिए व्यवहारिक प्रशिक्षण के साथ ही सैद्धांतिक ट्रेनिंग भी आवश्यक है। पॉवर डिस्ट्रीब्युशन ट्रेनिंग सेन्टर द्वारा कार्मिकों को प्रशिक्षित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं और इसके लिए समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर कार्मिकों को सैद्धांतिक और व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
