भोपाल
बीएचईएल, भोपाल में विश्वकर्मा जयंती बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर विपुल अग्रवाल, महाप्रबंधक, थर्मल, फेब्रिकेशन एवं अतिरिक्त प्रभार, डीटीजी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे. सभी महाप्रबन्धक, यूनियन के प्रतिनिधिगण एवं भारी संख्या में कर्मचारी भी उपस्थित थे. इस बार विश्वकर्मा जयंती पर कारखाने के विभिन्न विनिर्माण खंड़ों में बीएचईएल की उंची उड़ान हरित ऊर्जा, वंदे भारत और चंद्रयान के थीम पर झांकियां तैयार की गई.
श्री अग्रवाल ने निर्णायक मंडल के सदस्य सर्वश्री अमिताभ दुबे , जी पी बघेल तथा एस चंद्रशेखर, महाप्रबंधकगण के साथ विनिर्माण ब्लॉकों में तैयार झांकियों का अवलोकन कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि दिव्य वास्तुकार भगवान विश्वकर्मा कारीगरों, इंजीनियरों और शिल्पकारों के देवता के रूप में प्रतिष्ठित हैं। उनकी असीम रचनात्मकता और कौशल ने पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का काम किया है.
श्री अग्रवाल ने कार्यपालक निदेशक , श्री राजीव सिंह की ओर से सभी कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए अपने संबोधन में सभी कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्यों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संस्थान अभी कठिन दौर से गुजर रहा है लेकिन बीएचईएल के कर्मचारी हर मुश्किल परिस्थितियों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. उन्होंने सभी से आग्रह कर कहा कि कोई भी कार्य असंभव नहीं है, हम सभी को वर्ष के टर्नओवर लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए एक टीम के रूप में समान उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ कड़ी मेहनत करनी होगी।
कार्यक्रम के अंत में कारखाने में तैयार झांकियों के लिए पुरस्कारों की भी घोषणा की गई. उत्पाद श्रेणी में टीसीबी ग्रुप ने पहला, एसटीएम ने दूसरा और एससीआर ग्रुप ने तीसरा पुरस्कार जीता। इसी प्रकार, सेवा श्रेणी में एचआरडी ने प्रथम, पीआरएम ने द्वितीय और सीएमएक्स ने तृतीय पुरस्कार जीता। 5एस श्रेणी में पीआरएम ने प्रथम, टीसीबी-द्वितीय और एससीआर-तृतीय पुरस्कार जीता जबकि सीएमएक्स और जीजेबी ने सांत्वना पुरस्कार जीता। इसके निर्णायक मंडल में सर्वश्री राजीव सरना, हीरा भरानी तथा आर के अग्रवाल, अपर महाप्रबंधक शामिल थे।
