भेल झांसी
सार्वजनिक क्षेत्र की प्रतिष्ठित कम्पनी बीएचईएल झांसी में निर्माण के जनक भगवान विश्वकर्मा जी की जयंती का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक विनय निगम ने कारखाने के मुख्य द्वार पर स्थापित विश्वकर्मा जी की प्रतिमा का विधिवत पूजन किया । इसी श्रंखला में कारखाने की विभिन्न कार्यशालाओं में भी इस वर्ष की विशेष थीम “5S” के आधार पर “बेहतर कल के लिए स्क्रैप को कम करें, पुन: उपयोग करें और रीसाइक्लिंग करें” ध्येय के साथ सुंदर झांकियां सजाकर पूजा अर्चना की गयी ।
मुख्य अतिथि ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि 17 सितम्बर (विश्वकर्मा जयंती) हमारे देश में “राष्ट्रीय श्रम दिवस” के रूप में मनाया जाता है । जो कि हमें श्रम के महत्व से परिचित कराने के साथ ही प्रेरणा प्रदान करता है कि हम रचनाधर्मिता एवं सृजनशीलता को अपने जीवन का अंग बनाएं तथा उद्यमी एवं परिश्रमी बनकर कम्पनी, राष्ट्र एवं समाज की उन्नति मे अपना योगदान दें ।
इस अवसर पर विभिन्न कार्यशालाओं में कर्मचारियों द्वारा उत्साहपूर्वक सजायी गयीं झांकियों में से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय सुंदर झांकियों को पुरुस्कार हेतु चिन्हित कर कर्मचारियों का उत्साहबर्धन किया गया । इस अवसर पर महाप्रबंधक परिचालन श्री विपिन मिनोचा, महाप्रबंधक श्री प्रवीश वार्ष्णेय, महाप्रबंधक श्री राजीव अग्रवाल एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारीगणों के साथ श्रमिक संगठनों, एसोशिएशनों के प्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे ।
