– अफसरों की ली क्लास, जानी काम की पोजिशन
भोपाल
भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) में पिछले एक सप्ताह से नए ईडी भोपाल आने की अटकलों पर विराम लग गया। बीएचईएल की रानीपेट यूनिट से भोपाल पहुंचकर नए ईडी राजीव सिंह ने कारखाने के 6 नं ब्लॉक के पास प्राचीन हनुमान मंदिर पहुंंचकर बजरंग बली का आर्शीवाद प्राप्त कर सुबह 11.30 बजे काम संभाला। उन्होंने विनय निगम, कार्यपालक निदेशक, बीएचईएल, भोपाल तथा अतिरिक्त प्रभार, कार्यपालक निदेशक (टीपी), झांसी से यह पद भार ग्रहण किया जिनका स्थानांतरण कार्यपालक निदेशक (टीपी), झांसी एवं अतिरिक्त प्रभार (वंदे भारत समन्वय) के रूप में हुआ है।
कार्य ग्रहण के बाद श्री सिंह ने बीएचईएल के अफसरों की क्लास भी ले डाली।उन्होंने इस बैठक में सभी महाप्रबंधकों तथा डीआरओ के साथ विभिन्न विभागों में चल रहे कार्यों की समीक्षा की। साथ ही विभिन्न ब्लॉकों मेें चल रहे काम के अलावा पेंडिंग जॉब की जानकारी भी ली। साफ जाहिर है कि वह प्रोडक्शन की पहली तिमाही गुजरने के दो माह बाद की स्थिति का जायजा लेकर सितंबर तक छह माह की स्थिति को सुधारना चाहते हैं। अब वह अपने हिसाब से काम करने वाले अफसरों को ब्लॉकों में बिठाने की कोशिश करेंगे। ऐसा देखा भी गया है कि नए ईडी आने के बाद वह अपनी मनपसंद टीम को तैयार करते रहे। यही सब कुछ एक बार फिर देखने को मिलेगा।
