भोपाल
भोपाल में नगर निगम द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में निगम की अतिक्रमण निरोधक टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई करते हुए सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों से अवैध कब्जे हटाए।
यह कार्रवाई निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर की गई। अभियान के तहत बापू की कुटिया, सर्वधर्म पुलिया, ललिता नगर, नेहरू नगर, शाहपुरा, लिंक रोड नंबर-3, एमपी नगर जोन-1, कस्तूरबा नगर, अयोध्या बायपास, रायसेन रोड सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाया गया।
विभिन्न प्रकार के अतिक्रमण हटाए गए
कार्रवाई के दौरान सड़कों और फुटपाथों पर लगे ठेले, गुमठियां, सब्जी-फल की दुकानें, चाय के टपरे, गन्ने की चरखी, अवैध काउंटर, बैनर, बोर्ड और दुकानों के बाहर रखा सामान हटाया गया। इसके साथ ही नालियों पर रखी फर्शियां और जालियां भी हटाई गईं।
बड़ी मात्रा में सामान जब्त
अभियान के दौरान निगम टीम ने दर्जनों ठेले, गुमठियां, टेंट सामग्री, टेबल-कुर्सियां, पाइप, काउंटर, लोहे के रॉड, प्लास्टिक सामग्री और अन्य सामान जब्त किया। साथ ही अवैध रूप से खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों को भी हटाया गया, जो आवागमन में बाधा बन रहे थे।
निगम की सख्त चेतावनी
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नागरिकों और व्यापारियों से अपील की गई है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Read Also :- भेल में श्रीमति गौर ने कहा कि बाबूजी बीएमएस के फाउंडर,मैं भी इस परिवार की मेंम्बर
