भोपाल। राजधानी के निशातपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात घर लौट रहे एक पत्रकार को बदमाशों द्वारा चाकू की नोक पर बंधक बनाकर लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि शातिर बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने के लिए पहले पत्रकार को बीच रास्ते में रोका और फिर एक कमरे में ले जाकर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद बदमाशों ने पीड़ित के परिचितों से ऑनलाइन पैसे मंगवाकर अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, वहीं पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार, यह वारदात सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे की है। पत्रकार अनुज मीणा अपना दफ्तर का काम खत्म कर दोपहिया वाहन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान निशातपुरा क्षेत्र में एक अज्ञात युवक ने उनसे लिफ्ट मांगी। अनुज ने सुनसान रास्ता होने के कारण लिफ्ट देने से साफ इनकार कर दिया और आगे बढ़ने लगे। तभी एक अन्य युवक अचानक उनकी बाइक के सामने आ गया, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और अनुज सड़क पर गिर गए।
पीड़ित का आरोप है कि जैसे ही वे बाइक से गिरे, वहां पहले से घात लगाकर बैठे तीन अन्य युवक भी आ धमके। बदमाशों ने तुरंत अनुज की गर्दन पर चाकू अड़ा दिया और उन्हें जबरन खींचते हुए पास के ही एक कमरे में ले गए। कमरे के भीतर आरोपियों ने उनसे नकदी की मांग की। जब अनुज के पास पर्याप्त पैसे नहीं मिले, तो बदमाशों ने उन पर जान से मारने का दबाव बनाया और मोबाइल फोन छीनकर परिचितों से ऑनलाइन पैसे मंगवाने को कहा। डर के मारे पीड़ित ने अपने दोस्तों और परिचितों को फोन लगाया, जिसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग माध्यमों से कुल 32 हजार रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। करीब 3 घंटे तक बंधक बनाकर रखने के बाद आरोपियों ने रात करीब 3 बजे पीड़ित को छोड़ा।
