भोपाल
मध्य प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा द्वारा लाड़ली बहना योजना को लेकर दिए गए एक बयान ने सियासी गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। शनिवार को राजधानी भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री के इस बयान को महिलाओं का अपमान करार देते हुए पीसीसी कार्यालय के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। चूड़ियों का हार पहनाकर फूंका पुतला प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री करण सिंह वर्मा के पुतले का दहन किया।
विरोध का अनोखा तरीका अपनाते हुए कार्यकर्ताओं ने पुतले को चूड़ियों का हार पहनाया और उनके खिलाफ पोस्टर लगाकर जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस का आरोप है कि मंत्री का यह बयान प्रदेश की लाखों लाड़ली बहनों के सम्मान के साथ खिलवाड़ है। विवाद की जड़: क्या कहा था मंत्री ने? सीहोर जिले में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान मंत्री करण सिंह वर्मा ने मंच से कहा था कि: “जो लाड़ली बहनें कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेंगी, उनके नाम योजना से काटे जा सकते हैं।
हम एक दिन सबको बुलाएंगे और जो नहीं आएंगी, उनके नाम काट दिए जाएंगे।” मंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि लाड़ली बहनों को हर महीने 1,500 रुपये दिए जा रहे हैं। कांग्रेस की चेतावनी: घेरा जाएगा मंत्री का बंगला कांग्रेस नेता मुजाहिद सिद्दीकी ने प्रदर्शन के दौरान सरकार को चेतावनी दी कि यदि मंत्री पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस मंत्री के बंगले का घेराव भी कर सकती है।
माफी के बावजूद थमता नहीं दिख रहा विरोध मामले के तूल पकड़ने के बाद मंत्री करण सिंह वर्मा ने सफाई देते हुए माफी मांग ली है। उन्होंने कहा कि उनकी बात को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है और उनका उद्देश्य किसी को ठेस पहुँचाना नहीं था। हालांकि, कांग्रेस इस माफी से संतुष्ट नहीं है और इसे महिलाओं को दी गई ‘धमकी’ करार दे रही है।
Read Also :- भोपाल में चोरों का आतंक: पॉश इलाकों के सूने मकानों को बनाया निशाना
