श्री संत नामदेव मानव सेवा समिति ने आयोजित किया समारोह
भोपाल। श्री संत नामदेव मानव सेवा समिति, भोपाल द्वारा लिंक रोड क्रमांक-1, टीटी नगर स्थित गुजराती समाज भवन में एक प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में नामदेव समाज के 45 मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुशासित व्यक्तित्व और बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति-पत्र, स्मृति चिन्ह, नगद राशि एवं चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस गौरवपूर्ण क्षण के साक्षी बनने के लिए समाजजन, अभिभावक, युवा वर्ग तथा गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित श्री श्री 1008 श्री दादाजी गुरुदेव चैरिटेबल ट्रस्ट एवं दादाजी धाम मंदिर के अध्यक्ष शिवरतन नामदेव तथा ट्रस्टी जीवन नामदेव ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए शिवरतन नामदेव ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसकी शिक्षित एवं संस्कारित युवा पीढ़ी होती है। विद्यार्थियों की मेहनत और लगन का सार्वजनिक सम्मान न केवल उनका मनोबल बढ़ाता है, बल्कि अन्य बच्चों को भी श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने शिक्षा को सर्वांगीण विकास का माध्यम बताते हुए कहा कि प्रतिभाओं को पहचान देने की यह परंपरा युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त बनाती है। समिति विगत तीन वर्षों से निरंतर इस प्रकार के आयोजन कर रही है, जिससे विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ी है। यह समारोह केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि युवा पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के प्रति समाज की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
