भोपाल। भेल क्षेत्र स्थित बाबूलाल गौर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नियमित प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मध्य प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जनसामान्य और स्थानीय रहवासियों को न्यूनतम शुल्क में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
महाविद्यालय में इस सत्र से राष्ट्रीय शिक्षा नीति ) के प्रावधानों के तहत पर्यटन, यात्रा (ट्रैवल) और होटल प्रबंधन जैसे आधुनिक पाठ्यक्रमों के साथ-साथ सभी पारंपरिक विषयों (बीए, बी.कॉम, बीएससी, एमए राजनीति विज्ञान एवं अर्थशास्त्र, एम.कॉम, एमएससी गणित एवं बॉटनी) में सह-शिक्षा के तहत अध्ययन की बेहतरीन सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के सहयोग से कॉलेज में वाणिज्य और राजनीति विज्ञान विषयों में पीएचडी उपाधि के लिए शोध केंद्र भी संचालित है।

रोजगार को बढ़ावा देने के लिए यहाँ कई स्ववित्तीय पाठ्यक्रम जैसे—पीजी डिप्लोमा इन टूरिज्म एंड होटल मैनेजमेंट, बी.कॉम टूरिज्म एंड ट्रैवल, कंप्यूटर एप्लीकेशन, बीएससी क्लीनिकल न्यूट्रिशन और बायोटेक्नोलॉजी भी चलाए जा रहे हैं। आगामी सत्र के लिए स्नातक कक्षाओं में 590 और स्नातकोत्तर कक्षाओं में 280 सीटें उपलब्ध हैं, जिन पर नियमित प्रवेश हेतु उच्च शिक्षा विभाग के ई-प्रवेश पोर्टल के माध्यम से प्रक्रिया वर्तमान में प्रचलन में है। जो छात्र नियमित पढ़ाई नहीं कर सकते, उनके लिए यह कॉलेज मध्य प्रदेश भोज मुक्त विश्वविद्यालय के दूरस्थ शिक्षा अध्ययन केंद्र के रूप में भी कार्य करता है। महाविद्यालय परिसर आधुनिक सुविधाओं से लैस है, जिसमें विद्यार्थियों के पठन-पाठन के लिए ई-ग्रंथालय, स्मार्ट क्लास, वर्चुअल कॉन्फ्रेंस रूम और आधुनिक कंप्यूटर लैब शामिल हैं। वहीं शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना , एनसीसी , क्रीड़ा, ओपन जिम, बॉटनिकल गार्डन, विज्ञान क्लब और टूरिज्म क्लब जैसी सह-शैक्षणिक सुविधाएं भी मौजूद हैं।

नियमित प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं को शासन के नियमानुसार पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री मेधावी, मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल, गाँव की बेटी, प्रतिभा किरण योजना, आवास सहायता और पीएचडी के लिए शोध छात्रवृत्ति जैसी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी मुहैया कराया जाता है। बेहतर आवागमन और सुविधाजनक स्थान पर स्थित होने के कारण यहाँ छात्रों की दैनिक उपस्थिति भी बेहतर रहती है। संस्थान के पढ़े हुए विद्यार्थी आज देश-विदेश के कई प्रतिष्ठित एवं प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
