जिया और कलेक्टर के बीच बैठक
भोपाल। गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन (जीआईए) के सभागार में मंगलवार को जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड और एमएसएमई प्रोत्साहन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने उद्योगों से कौशल विकास के लिए अपनी आवश्यकतानुसार पाठ्यक्रम तैयार करने को कहा।
कलेक्टर ने बताया कि प्रशासन इन पाठ्यक्रमों के आधार पर आईटीआई कॉलेजों के साथ एमओयू करेगा, जिससे उद्योगों को प्रशिक्षित और कुशल मैनपावर उपलब्ध हो सके। उन्होंने तकनीकी गैप को चिन्हित कर कार्ययोजना साझा करने पर भी जोर दिया।
बैठक में एमएसएमई प्रोत्साहन योजना के तहत 23 आवेदनों की समीक्षा की गई, जिनमें से 20 पात्र प्रकरणों को स्वीकृति दी गई। इस योजना में पूंजीगत निवेश पर 40 प्रतिशत तक अनुदान का प्रावधान है।

कलेक्टर ने नगर निगम को औद्योगिक क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं की रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा एमपीआईडीसी को निर्यात सेल के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। चर्चा के दौरान व्यावसायिक अतिक्रमण, सुरक्षा व्यवस्था, प्रदूषण बोर्ड की एनओसी और फायर स्टेशन जैसी समस्याओं पर भी विस्तार से विमर्श हुआ। बैठक में महाप्रबंधक सत्येंद्र कुमार एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय गौड सहित एसोसिएशन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
