भोपाल। ईंटखेड़ी और अवधपुरी स्थित शराब दुकानों को हटाने और अन्य स्थान पर शिफ्ट करने के लिए आबकारी विभाग ने ठेकेदारों को नोटिस जारी किया है। सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र धाकड़ ने दोनों दुकानों के संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे एक माह के भीतर नई जगह तलाश कर वहां वाइन शॉप संचालित करें।
इन दुकानों को लेकर लंबे समय से स्थानीय रहवासी और जनप्रतिनिधि विरोध जता रहे थे। क्षेत्र के लोगों ने आबकारी विभाग और प्रशासन से दुकानों को रिहायशी इलाकों से हटाने की मांग की थी। इस संबंध में विधायक और सांसद स्तर पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की गई थी।
बताया गया है कि इस वर्ष शराब दुकानों के टेंडर के दौरान दावा किया गया था कि दोनों दुकानों को नए स्थानों पर संचालित किया जाएगा, लेकिन टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद दुकानें फिर उसी स्थान पर शुरू कर दी गईं। इसके बाद से स्थानीय लोगों का विरोध लगातार जारी था।
भोपाल के अवधपुरी और ईंटखेड़ी क्षेत्रों में रहवासी कॉलोनियों के पास शराब दुकानें संचालित होने के विरोध में प्रदर्शन हो रहे हैं। अवधपुरी के ऋषिपुरम क्षेत्र में पिछले एक महीने से महिलाएं और स्थानीय निवासी धरना देकर दुकान हटाने की मांग कर रहे हैं।
