12.8 C
London
Tuesday, December 9, 2025
Homeभोपालमहाकुंभ में गैर हिंदुओं को प्रवेश नहीं दिया जाना चाहिए- बोले धीरेंद्र...

महाकुंभ में गैर हिंदुओं को प्रवेश नहीं दिया जाना चाहिए- बोले धीरेंद्र शास्त्री

Published on

नई दिल्ली

अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा है कि महाकुंभ में गैर हिंदुओं को प्रवेश नहीं दिया जाना चाहिए। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा है कि जो लोग सनातन परंपरा को नहीं जानते, इसकी विचारधारा को नहीं समझते, संतों की महिमा को नहीं जानते, वे संतों का क्या सम्मान करेंगे?

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि बीते दिनों में कई जगह शोभायात्राओं पर पथराव किया गया, राम को काल्पनिक बताया गया, देवी पंडालों में आग लगाई गई और इससे यह सिद्ध होता है कि यह लोग सनातन विरोधी हैं। शास्त्री ने कहा कि जिन लोगों को सनातन से दिक्कत है उन लोगों का महाकुंभ में क्या काम है?

ज़ी न्यूज की ओर से पूछे गए इस सवाल के जवाब में कि अखाड़ा परिषद की ओर से मांग रखी गई है कि महाकुंभ में मुसलमानों को दुकान लगाने की अनुमति न दी जाए, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि वह इस मांग से पूरी तरह सहमत हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को सनातन का ज्ञान हो, हिंदुत्व का ज्ञान हो, महाकुंभ का ज्ञान हो और ऐसे ही लोग वहां काम करेंगे तो किसी तरह का लड़ाई झगड़ा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि हम किसी मजहब के खिलाफ नहीं हैं और किसी के व्यापार करने के भी खिलाफ नहीं हैं।

शास्त्री ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में थूक कांड जैसी कई घटनाएं हुई हैं और इसीलिए महाकुंभ में पूरी तरह गैर सनातनियों का प्रवेश वर्जित कर देना चाहिए।बताना होगा कि बाबा बागेश्वर टीवी चैनलों और सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं। उनके बयानों को लेकर अक्सर विवाद भी खड़ा होता रहा है। उन्हें बड़ी संख्या में लोग सुनते आते हैं। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को बागेश्वर धाम सरकार के नाम से भी जाना जाता है।

जनवरी, 2025 में होना है महाकुंभ
हिंदू धर्म में महाकुंभ का बहुत महत्व है। महाकुंभ में स्नान के लिए लाखों-करोड़ों हिंदुओं की भीड़ जुटती है। 13 जनवरी 2025 से प्रयागराज में महाकुंभ शुरू हो जाएगा। इसमें 40 करोड़ से ज्यादा लोगों के आने का अनुमान है। दुनिया भर की तमाम बड़ी हस्तियां इसमें शामिल होंगी। कई अखाड़ों के प्रमुख और धर्मगुरु भी यहां दो महीने तक रहेंगे। दुनियाभर की मीडिया की भी नजर इस पर होगी।

कौन हैं बाबा बागेश्वर?
बाबा बागेश्वर टीवी, सोशल मीडिया पर इस वजह से चर्चित हुए थे क्योंकि वह अपने दरबार में लोगों के मन की बात बताने का दावा करते हैं। उनके दरबार में लोग अपनी अर्जी लगाते हैं। यह अर्जी बागेश्वर धाम वाले हनुमान जी के दरबार में लगती है। बाबा बागेश्वर की कथाओं में बड़ी संख्या में लोग आते हैं। पिछले कुछ वक्त से बाबा बागेश्वर को धमकियां मिलती रही हैं और इसे देखते हुए उनकी सुरक्षा में इजाफा किया गया है। छतरपुर जिले के गढ़ा में बाबा बागेश्वर का आश्रम है।

हिंदू राष्ट्र के समर्थन में हैं बाबा
बाबा बागेश्वर लगातार भारत के हिंदू राष्ट्र होने की बात कहते रहे हैं। इस वजह से उन्हें सोशल मीडिया पर हिंदू राष्ट्र का समर्थन करने वाले काफी पसंद करते हैं। जबकि बाबा बागेश्वर का विरोध करने वाले लोगों का कहना है कि वह अंधविश्वास फैलाने का काम करते हैं।रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष और जाने-माने कारोबारी मुकेश अंबानी ने अपने बेटे की शादी में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को बुलाया था। कई बॉलीवुड सितारे और खिलाड़ी बाबा बागेश्वर से मिलकर उनका आशीर्वाद ले चुके हैं।

बीते साल बाबा बागेश्वर की संत तुकाराम को लेकर की गई एक टिप्पणी को लेकर महाराष्ट्र में कई इलाकों में जोरदार विरोध प्रदर्शन हुआ था। बाद में उन्होंने अपने बयान के लिए माफी मांग ली थी। हरियाणा में पानीपत के लोगों के लिए की गई उनकी टिप्पणी पर भी उन्हें विरोध झेलना पड़ा था। पिछले साल उन्होंने ईसाई समुदाय को लेकर भी एक बयान दिया था और इसे लेकर पंजाब में विवाद छिड़ गया था।

Latest articles

मुंबई में रेप के आरोप में पुलिसकर्मी गिरफ्तार

मुंबई।महाराष्ट्र के पालघर जिले में तैनात एक पुलिसकर्मी को एक महिला ने रेप के...

गुजरात के गिर-सोमनाथ में भूकंप के झटके

अहमदाबाद।गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में सोमवार सुबह 10:51 बजे भूकंप के हल्के झटके...

More like this

सड़क हादसों में वरिष्ठ नागरिक समेत दो लोगों की मौत

भोपाल।बीते 24 घंटों में राजधानी के विभिन्न इलाकों में हुए सड़क हादसों ने दो...

भोपाल को जनवरी में मिलेगा चौथा रेलवे स्टेशन निशातपुरा

भोपाल ।भोपाल शहर को नए वर्ष में एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है।...

10 नक्सलियों ने मुख्यमंत्री के सामने किया आत्मसमर्पण

भोपाल ।मध्यप्रदेश सरकार की शांत‍ि, विकास और आत्मसमर्पण-समर्पण नीति को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली...