भोपाल। राजधानी के माता मंदिर स्थित प्लेटिनम प्लाजा के एक रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा और ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़ का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ एक रेस्टोरेंट से आर्डर किए गए चीज सेंडविच में मरी हुई मक्खी (कीड़ा) मिलने के बाद ग्राहक ने इसकी लिखित शिकायत फूड एंड सेफ्टी विभाग से की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग के फूड इंस्पेक्टर मंगलवार को उक्त रेस्टोरेंट पहुंचकर जांच की कार्रवाई करेंगे।
मिली जानकारी के अनुसार, अशोका गार्डन निवासी शोभा अहिरवार बीते सोमवार, 15 जून को दोपहर करीब 12:30 बजे प्लेटिनम प्लाजा स्थित ‘शर्मा चाइनीज फास्ट फूड रेस्टोरेंट’ गई थीं। उन्होंने बताया कि रेस्टोरेंट से उन्होंने ₹219 का भुगतान कर एक चीज सेंडविच ऑर्डर किया था। जैसे ही उन्होंने सेंडविच खाना शुरू किया, तो उन्हें उसमें कोई कीड़ा नजर आया। ध्यान से देखने पर पता चला कि वह एक मरी हुई मक्खी थी। इस बात पर उन्होंने तुरंत रेस्टोरेंट स्टाफ को बुलाकर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन आरोप है कि स्टाफ ने इस गंभीर लापरवाही को बिल्कुल भी गंभीरता से नहीं लिया।
इसके बाद पीड़ित ग्राहक ने साक्ष्य के तौर पर सेंडविच की थाली में पड़ी मक्खी के फोटो और वीडियो बनाए और विभाग को मेल के जरिए शिकायत भेजकर सख्त कार्रवाई की मांग की। इस पूरे मामले को लेकर जब रेस्टोरेंट प्रबंधन से संपर्क किया गया, तो वहां के कैशियर सौरभ भीमरे ने बताया कि सोमवार को यह शिकायत सामने आई थी। उन्होंने सफाई देते हुए कहा, “हम खाना और स्नैक्स बनाते समय पूरी एहतियात बरतते हैं और साफ-सफाई का खास ध्यान रखते हैं। सेंडविच में मक्खी कहां से आई, इस बारे में हमें जानकारी नहीं है। हालांकि, हमने ग्राहक की पूरी बात को ध्यान से सुना था और उनसे चर्चा भी की थी।” बहरहाल, मामला अब स्वास्थ्य विभाग के पास पहुंच चुका है और आज होने वाली खाद्य अधिकारियों की जांच के बाद ही रेस्टोरेंट पर आगे की वैधानिक कार्रवाई तय होगी।
