भोपाल। राजधानी भोपाल में शुक्रवार को एक गंभीर दिल के मरीज की जान बचाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ‘ग्रीन कॉरिडोर’ बनाया। बंसल अस्पताल में भर्ती 54 वर्षीय मरीज सत्यभान सिंह की हालत नाजुक होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें दिल्ली के एस्कॉर्ट्स (स्कोड्स) अस्पताल ले जाने की सलाह दी थी। मरीज को सुरक्षित और कम समय में विमानतल तक पहुंचाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने पीक ऑवर के दौरान भी 24 किलोमीटर लंबे मार्ग पर जगह-जगह ट्रैफिक रोककर रास्ता साफ कराया।
इस विशेष अभियान में पुलिस के लगभग पांच दर्जन अधिकारी और कर्मचारी अचानक तैनात किए गए, जिन्होंने एम्बुलेंस को स्क्वाड कर कुछ ही मिनटों में एयरपोर्ट पहुँचा दिया। दिल्ली से डॉक्टरों का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे भोपाल पहुंचा और उन्हीं की निगरानी में मरीज को एयर एम्बुलेंस द्वारा सुबह 11:40 बजे दिल्ली के लिए रवाना किया गया। जानकारी के अनुसार, मरीज का दिल्ली में हार्ट ट्रांसप्लांट (दिल बदलना) होना है। इस सफल और त्वरित सहयोग के लिए मरीज के परिजनों ने भोपाल ट्रैफिक पुलिस का आभार व्यक्त किया है।
