हरदा
मध्य प्रदेश के हरदा जिले में पटाखा की एक फैक्ट्री से भीषण विस्फोट हुआ है. वहां एक-दो नहीं, रुक-रुक कर लगातार धमाके हो रहे हैं, जिसकी वजह से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठ रही हैं. इस फैक्ट्री में काम करने वाले कई लोगों के दबे होने की आशंका है. इसके अलावा 25 झुलसे हुए लोगों को अस्पताल पहुंचाया जा चुका है. न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया है कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हरदा में आग लगने की घटना के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों से जानकारी ली है.
जानकारी के मुताबिक, हरदा के बैरागढ़ में पटाखा फैक्ट्री में ये विस्फोट हुआ है. कई लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है, जिनका रेस्क्यू करने के लिए SDRF की टीम मौके पर पहुंच गई है और उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस भी पहुंच चुकी हैं. कई घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भी पहुंचाया जा चुका है.इस घटना का सामने आया वीडियो बेहद डरावना है, जिसमें धमाके के बाद आग की ऊंची-ऊंची लपटें दिखाई दे रही हैं. इसके अलावा लोग इधर से इधर भागते हुए दिख रहे हैं.
मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों की कोशिश है कि किसी भी तरह के आग पर काबू पाया जाए, उसके बाद ही लोगों का रेस्क्यू हो पाएगा. आग की लपटों पर काबू पाने में देरी इसलिए हो रही है क्योंकि वहां पटाखे रखे हुए हैं, जिसकी वजह से आग लगातार भड़क रही है. प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं. हालांकि इस फैक्ट्री के अंदर कितने लोग हैं, इसकी कोई जानकारी नहीं है. उनका कहना है कि पहली प्राथमिकता फैक्ट्री में आग से किसी भी तरह काबू पाना है.
सीएम मोहन यादव ने ली घटना की जानकारी
हरदा की पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण हादसे को लेकर प्रदेश मुखिया डॉ.मोहन यादव भी नजर बनाए हुए है। साथ ही घटना को लेकर सीएम यादव ने वरिष्ठ अधिकारियों से जानकारी ली है।
