भोपाल। मध्यप्रदेश ऊर्जा विभाग ने लोगों को सौर ऊर्जा के प्रति जागरुक करने के लिए सोमवार को ‘सोलर चाचा’ नाम का WhatsApp चैटबॉट लॉन्च किया। अब सोलर से जुड़ी सभी जानकारी सौर उर्जा के चैटबॉट पर मिल सकेगी। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला भी लॉन्चिंग में शामिल हुए।
दोनों मंत्री कार्यक्रम में इलेक्ट्रिक वाहनों से पहुंचे। मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि मध्यप्रदेश में सोलर योजना के लिए करीब 2 लाख आवेदन मिल चुके हैं। इनमें से लगभग 1 लाख 25 हजार घरों में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का काम शुरू हो चुका है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत 880 करोड़ रुपए की सब्सिडी राशि लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा लोग सौर ऊर्जा योजना से जुड़ें। इसके लिए ग्रामीण इलाकों में योजना के प्रचार-प्रसार पर विशेष फोकस किया जाएगा।
मंत्री बोले- वर्तमान में दुनिया के हालात चुनौतीपूर्ण
नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि वर्तमान में दुनिया के हालात चुनौतीपूर्ण हैं, ऐसे में ऊर्जा बचत और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देना जरूरी हो गया है।
उन्होंने कहा कि वे खुद और ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भी बैटरी से चलने वाले वाहनों से कार्यक्रम में पहुंचे हैं। ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी है कि वह लोगों के बीच जाकर सौर ऊर्जा और स्वच्छ ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाए।
शुक्ला ने कहा कि विभाग ने बैंकर्स और वेंडर्स को भी इस अभियान से जोड़ने का काम किया है, ताकि लोगों को सोलर योजना का लाभ आसानी से मिल सके। सरकार का लक्ष्य मध्यप्रदेश की हर छत को सोलर युक्त बनाना है। पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए सरकार लगातार नए प्रयोग कर रही है।
