भोपाल:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भोपाल के जंबूरी मैदान में देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन को संबोधित कर रहे हैं। यह ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहला महिला सम्मेलन है। इसे भाजपा ने देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर आयोजित किया है। दावा किया जा रहा है कि इस आयोजन में दो लाख महिलाएं शामिल हुई हैं।
मंच पर बोल रहे हैं पीएम मोदी
महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में संबोधन देते हुए पीएम मोदी ने हाथ जोड़कर मातृशक्ति को प्रणाम किया। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में माताएं-बहनें हमें आशीर्वाद देने आई हैं। मैं आपके दर्शन पाकर धन्य हो गया हूं। पीएम मोदी ने इस अवसर पर कहा, ‘लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर, ये नाम सुनकर ही मन में श्रद्धा का भाव उमड़ पड़ता है। उनके महान व्यक्तित्व के बारे में बोलने के लिए शब्द कम पड़ जाते हैं।’
पीएम मोदी ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर ने समाज सुधार के लिए बहुत काम किया। उन्होंने मालवा की सेवा के लिए महिलाओं की एक विशेष टुकड़ी बनाई थी। वे नारी शक्ति के राष्ट्र निर्माण में योगदान का प्रतीक हैं। अहिल्याबाई के प्रेरक कथन को कभी नहीं भूलना चाहिए। उनका कहना था कि जो कुछ भी हमें मिला है, वह जनता का ऋण है जिसे हमें चुकाना है। आज सरकार अहिल्याबाई के मूल्यों पर चलते हुए काम कर रही है।
पीएम मोदी ने कहा हमने तीन करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाने का संकल्प लिया। मुझे संतोष है कि अब तक डेढ़ करोड़ से ज्यादा बहनें लखपति दीदी बन भी चुकी है। अब गांव में बैंक सखियां लोगों को बैंकिंग से जोड़ रही हैं। सरकार ने बीमा सखियां बनाने का अभियान भी शुरू किया है। हमारी बहनें बेटियां अब देश को बीमा की सुरक्षा देने में बहुत बड़ी भूमिका निभा रही हैं।
हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहीं महिलाएं: पीएम मोदी
आजकल महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। पहले नई टेक्नोलॉजी आने पर महिलाओं को इससे दूर रखा जाता था। लेकिन अब स्थिति बदल गई है। सरकार महिलाओं को आधुनिक टेक्नोलॉजी में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। वे वैज्ञानिक, डॉक्टर, इंजीनियर और पायलट बन रही हैं। “नमो ड्रोन दीदी” अभियान से गांव की महिलाओं का हौसला बढ़ रहा है। इससे उनकी कमाई भी बढ़ रही है और गांव में उनकी एक नई पहचान बन रही है। स्टार्टअप के क्षेत्र में भी बेटियां अच्छा काम कर रही हैं। चंद्रयान 3 मिशन में 100 से अधिक महिला वैज्ञानिकों और इंजीनियरों ने काम किया।
ऑपरेशन सिंदूर पर गरजे पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि भारत एक ऐसा देश है जहां संस्कृति और परंपराओं को बहुत महत्व दिया जाता है। सिंदूर, जो महिलाओं की शक्ति का प्रतीक है, अब भारत की बहादुरी का भी प्रतीक बन गया है। हनुमान जी, जो राम के भक्त हैं, सिंदूर लगाते हैं। शक्ति पूजा में भी सिंदूर का इस्तेमाल होता है। पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर को नारी शक्ति के सामर्थ्य का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि बीएसएफ की बेटियों ने कश्मीर से गुजरात तक मोर्चा संभाला और सीमा पार से हो रही फायरिंग का जवाब दिया। सेना ने दुश्मन के घर में घुसकर आतंकियों के ठिकानों को तबाह किया। यह ऑपरेशन भारत के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा सफल ऑपरेशन है। आतंकियों ने पहलगाम में भारतीयों का खून बहाकर और हमारी संस्कृति पर प्रहार करके नारी शक्ति को चुनौती दी थी। आतंकियों ने नारी शक्ति को चुनौती दी थी। यही चुनौती उनके और उनके आकाओं के लिए काल बन गई।
खुली जीप पर सवार होकर पहुंचे पीएम मोदी
जंबूरी मैदान पर पहुंचे पीएम मोदी खुली जीप पर सवार होकर मंच तक पहुंचे। इससे पहले उन्होंने प्रदर्शनी में पहुंचकर जानकारी ली। पीएम मोदी के साथ सीएम मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी मौजूद रहे।