भोपाल। राजधानी के पिपलानी थाना क्षेत्र के सोनागिरी इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ चरित्र शंका के चलते एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी लिव-इन पार्टनर के सिर पर हथौड़े से जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद महिला को मृत समझकर उसने बीच सड़क पर चाकू से दो बार अपना गला रेता और फिर खुद के पेट में 11 बार चाकू घोंपकर आत्महत्या कर ली। करीब पांच मिनट तक तड़पने के बाद शख्स ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस पूरी वारदात का एक राहगीर ने मोबाइल से वीडियो भी बना लिया। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी के मुताबिक, मृतक की पहचान सोनागिरी सी-सेक्टर झुग्गी बस्ती निवासी लक्ष्मण प्रसाद रिछारिया (50) के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर था। करीब पांच साल पहले पत्नी की मौत के बाद से वह कल्पना नामक महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। कल्पना भी अपने पति से अलग होकर घरों में साफ-सफाई और खाना बनाने का काम करती थी। पड़ोसियों के अनुसार, लक्ष्मण अक्सर कल्पना के चरित्र पर शक करता था, जिसे लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। रविवार सुबह करीब 11 बजे दोनों के बीच फिर झगड़ा हुआ, जिसके बाद लक्ष्मण ने आव देखा न ताव और कल्पना के सिर पर हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
वारदात के बाद आरोपी चाकू लेकर सड़क किनारे दुकान के पास आ गया और खुद पर हमला करना शुरू कर दिया। इस खौफनाक मंजर को देखकर आसपास के राहगीर और स्थानीय लोग सहम गए। वीडियो में लोग पुलिस को फोन करने की बात करते नजर आ रहे हैं, लेकिन किसी ने भी लहूलुहान होकर खुद को चाकू मार रहे लक्ष्मण को रोकने या उससे हथियार छीनने की हिम्मत नहीं दिखाई।
देखते ही देखते आरोपी लहूलुहान हालत में जमीन पर बैठ गया और दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पिपलानी थाना पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल हथौड़ा और चाकू बरामद कर लिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
