भोपाल। रायसेन रोड स्थित पटेल नगर के जागृत एवं दर्शनीय तीर्थ स्थल दादाजी धाम मंदिर में अधिकमास की पावन पद्मिनी एकादशी के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर में भगवान श्री हरि विष्णु, श्री विठ्ठल भगवान एवं दादाजी गुरुदेव का विशेष पूजन-अर्चन कर भव्य पुष्प श्रृंगार किया गया, जिसके बाद सामूहिक विष्णु सहस्रनाम पाठ, सुंदर भजन-कीर्तन और महाआरती संपन्न हुई।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अधिकमास में आने वाली पद्मिनी एकादशी अत्यंत दुर्लभ एवं परम पुण्यदायी मानी जाती है, जिसके चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने एकादशी का व्रत रखकर भगवान विष्णु की आराधना की और अपने परिवार की सुख-समृद्धि, कल्याण व आध्यात्मिक उन्नति की कामना की। मंदिर समिति द्वारा इस दौरान आने वाले भक्तों के लिए प्रसादी एवं दर्शन की सुगम व्यवस्थाएं की गईं और अंत में दादाजी धाम मंदिर परिवार ने सभी श्रद्धालुओं को पद्मिनी एकादशी की शुभकामनाएं देते हुए विश्व शांति, समाज कल्याण एवं मानवता के मंगल की प्रार्थना की।
