भोपाल। राजधानी के ऐशबाग थाना क्षेत्र में एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। यहाँ अपने निर्माणाधीन मकान की तराई (पानी छिड़काव) करने के लिए पानी की मोटर का तार लगाते समय एक 27 वर्षीय युवक करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से युवक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान अब्दुल अजीम खान (27), पिता अब्दुल जमील खान के रूप में हुई है, जो ऐशबाग मस्जिद के पास का रहने वाला था और पेशे से कारपेंटर (बढ़ई) था। परिजनों ने बताया कि अब्दुल अजीम के लिए लड़की की तलाश की जा रही थी और जल्द ही उसकी शादी होने वाली थी। शादी की तैयारियों के मद्देनजर ही घर में निर्माण कार्य चल रहा था और अजीम के लिए एक नया कमरा तैयार कराया जा रहा था। रविवार सुबह करीब 10 बजे अजीम इसी निर्माणाधीन कमरे की दीवारों पर पानी छांटने (तराई करने) के लिए पानी की मोटर का तार बिजली के बोर्ड में लगा रहा था, तभी वह अचानक तेज करंट की चपेट में आ गया।
हादसे के तुरंत बाद घबराए परिजन अजीम को इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल ले गए, जहाँ प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हमीदिया अस्पताल रेफर कर दिया। हमीदिया अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर मौके पर पहुंची ऐशबाग थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। रविवार दोपहर को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए शोकाकुल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।
