17 C
London
Monday, June 23, 2025
Homeकॉर्पोरेटसोने की कीमत में बड़ी गिरावट, क्‍या खरीदने का यही है मौका,...

सोने की कीमत में बड़ी गिरावट, क्‍या खरीदने का यही है मौका, कितने हो गए दाम?

Published on

नई दिल्‍ली:

कमजोर ग्लोबल संकेतों के चलते सोने की कीमतों में गिरावट आई है। दिल्ली के सराफा बाजार में सोना 1,000 रुपये सस्ता होकर 98,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। चांदी भी 1,400 रुपये लुढ़ककर 98,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। अमेरिका-चीन के बीच व्यापार तनाव कम होने और डॉलर के मजबूत होने से सोने पर दबाव बढ़ा है। हालांकि, भू-राजनीतिक तनाव सोने की गिरावट को रोक सकते हैं। जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में टैरिफ और आर्थिक आंकड़ों पर बाजार की नजर रहेगी।

सोमवार को दिल्ली के सराफा बाजार में सोने की चमक फीकी पड़ गई। सोने का भाव 1,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक गिर गया। अखिल भारतीय सराफा संघ के अनुसार, अब सोना 98,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। गुरुवार को सोना 99,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने के साथ 99.5 फीसदी शुद्धता वाले सोने के भाव में भी गिरावट दर्ज की गई। यह सोना भी 1,000 रुपये सस्ता होकर 97,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। पहले इसका भाव 98,900 रुपये प्रति 10 ग्राम था।

सोने की कीमतों में ग‍िरावट की वजह
अबान्स फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य कार्यपालक अधिकारी चिंतन मेहता ने सोने में गिरावट के कुछ कारण बताए हैं। उनके अनुसार, ‘अमेरिका-चीन व्यापार तनाव कम होने से निवेशकों की जोखिम उठाने की क्षमता बढ़ी है। इसलिए लोग सोने जैसी सुरक्षित चीजों में कम निवेश कर रहे हैं। डॉलर के मजबूत होने से भी सोने पर दबाव बढ़ा है।’ इसका मतलब है कि लोग अब थोड़ा रिस्क लेने को तैयार हैं और सोना खरीदने के बजाय दूसरी चीजों में पैसा लगा रहे हैं।

चीन ने कुछ समय पहले घोषणा की थी कि वह अमेरिका से आने वाले कुछ सामानों पर लगने वाले टैक्स में छूट देगा। हालांकि, चीन ने यह भी कहा कि अभी अमेरिका के साथ कोई व्यापारिक बातचीत नहीं चल रही है।

अमेरिका के फेडरल रिजर्व के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें अभी ब्याज दरों में बदलाव करने की कोई जल्दी नहीं है। वे ट्रंप प्रशासन की ओर से लगाए गए टैक्स के अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले असर पर नजर रख रहे हैं। इससे पता चलता है कि निकट भविष्य में ब्याज दरें कम नहीं होंगी। इसलिए सोने पर और दबाव बढ़ सकता है। आमतौर पर जब ब्याज दरें ज्यादा होती हैं तो लोग सोना कम खरीदते हैं।

कीमतों में ज्यादा गिरावट नहीं होगी
चिंतन मेहता का यह भी कहना है कि दुनिया में बढ़ते तनाव के कारण सोने की कीमतों में ज्यादा गिरावट नहीं होगी। उनके अनुसार, ‘बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव सोने की गिरावट को सीमित कर सकते हैं। जैसे-जैसे युद्ध का खतरा बढ़ता है और नए झगड़े सामने आते हैं, निवेशक मूल्यवान धातु की ओर आकर्षित होते हैं।’ यानी जब दुनिया में अशांति होती है तो लोग सोना खरीदना पसंद करते हैं, क्योंकि यह एक सुरक्षित निवेश माना जाता है।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। इस वजह से शुक्रवार को स्थानीय सराफा बाजार बंद रहे थे। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी का कहना है कि इस सप्ताह व्यापारियों की नजर मुख्य रूप से टैक्स से जुड़ी खबरों पर रहेगी। गांधी ने यह भी कहा कि व्यापक आर्थिक मोर्चे पर, अप्रैल के लिए मैन्‍युफैक्‍चरिंग पीएमआई, जीडीपी और सबसे महत्वपूर्ण रूप से, अमेरिकी गैर-कृषि पेरोल और बेरोजगारी दर जैसे आंकड़े जारी होने से सराफा बाजार पर असर पड़ सकता है।’ यानी आने वाले दिनों में आने वाले आर्थिक आंकड़े भी सोने और चांदी की कीमतों पर असर डाल सकते हैं।

चांदी की कीमतों में भी गिरावट आई
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी गिरावट आई है। चांदी 1,400 रुपये गिरकर 98,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई है। पिछले सत्र में चांदी 99,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। ग्लोबल मार्केट में भी सोने की कीमतें गिरी हैं। हाजिर सोना लगभग एक फीसदी गिरकर 3,291.04 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।

Latest articles

UNSC Emergency Meeting:परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी हमले के बाद UNSC में हंगामा ईरान ने बुलाई आपात बैठक रूस-चीन ने की निंदा

UNSC Emergency Meeting:परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी हमले के बाद ईरान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा...

More like this

FACING ISSUES WITH PF WITHDRAWAL: यदि आपको भी PF निकालने में आ रही है दिक्कत तो जानिए क्या करें

FACING ISSUES WITH PF WITHDRAWAL: लगभग सभी भारतीय कर्मचारियों का एक PF (प्रोविडेंट फंड)...

जान लो जरुरी बात जून में लॉन्च होगा EPFO 3.0 जिससे ATM और UPI से गपागप निकलेगा PF का पैसा जानिए कैसे

EPFO 3.0: अब तुम्हें प्रॉविडेंट फंड (PF) यानी भविष्य निधि के पैसे के लिए...