नई दिल्ली:
हरियाणा विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच चर्चा का दौर जारी है। दिल्ली से लेकर हरियाणा तक इस मुद्दे पर दोनों ही पार्टियों के नेता माथापच्ची में जुटे हैं। आम आदमी पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, दो राउंड की बैठक हो चुकी है। आज या कल में तीसरे राउंड की बैठक हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, आम आदमी पार्टी हरियाणा में 10 सीटें मांग रही है। वहीं कांग्रेस उन्हें 7 सीट देने को तैयार है। इस बीच गठबंधन को फाइनल करने के लिए कांग्रेस पार्टी ने एक कमिटी बनाई है। इसमें अजय माकन, दीपक बाबरिया समेत कांग्रेस के कुछ और नेता शामिल हैं। माना जा रहा कि यही कमिटी सीट शेयरिंग फॉर्म्यूले पर आप नेताओं से चर्चा करेगी। विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया के चुनाव लड़ने की भी चर्चा है.
राघव चड्ढा और केसी वेणुगोपाल के बीच बैठक
हरियाणा चुनाव की तारीखों में बदलाव हो चुका है। अब वोटिंग डेट 5 अक्टूबर है और 8 अक्टूबर को रिजल्ट आएंगे। बीजेपी की ओर से वोटिंग डेट में बदलाव की मांग की गई थी। इसी के बाद चुनाव आयोग ने ये फैसला लिया। इसी बीच आप और कांग्रेस के बीच हरियाणा में गठबंधन की संभावना पर सहमति की कवायद तेज हो गई हैं। दो राउंड की बैठक राघव चड्ढा और केसी वेणुगोपाल के बीच हो चुकी है। आप सूत्रों के मुताबिक, तीसरे राउंड की बैठक आज या कल हो सकती है। आप दस सीटें मांग रही, कांग्रेस सात देने को तैयार है। दरअसल, लोकसभा चुनाव में कुरूक्षेत्र की सीट आप के खाते में गई थी। एक लोकसभा में 9 विधानसभा की सीटें आने के कारण आप का दस पर दांव है।
आप दस सीटें मांग रही, कांग्रेस सात देने को तैयार!
कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में पार्टी नेतृत्व ने हरियाणा में विधानसभा चुनावों के लिए आप के साथ गठबंधन की संभावना के बारे में रुचि व्यक्त की है। इसी के बाद दोनों ही पार्टियों ने बैठकों का दौर तेज हुआ। आप के साथ गठबंधन की संभावना के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी महासचिव दीपक बाबरिया ने कहा कि हम आम आदमी पार्टी के साथ बातचीत कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कुछ भी अंतिम रूप नहीं दिया गया है। जैसे ही कुछ तय हो जाएगा, हम आपको सूचित करेंगे।
विनेश और बजरंग पुनिया पर क्या बोली कांग्रेस
दीपक बाबरिया ने कहा कि आज हमारी सीईसी की बैठक हुई, जिसमें 41 सीटों पर चर्चा हुई. जबकि कल हमने 49 सीटों पर चर्चा की थी. बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट को टिकट दिए जाने पर उन्होंने कहा कि हमें इसपर एक-दो दिन में स्पष्टता मिलेगी. आज इसपर कोई चर्चा नहीं हुई. उम्मीदवारों को लेकर पार्टी लगातार चर्चा कर रही है
हरियाणा में 5 अक्टूबर को वोटिंग, 8 को रिजल्ट
दीपक बाबरिया ने ये भी कहा कि हमें बीजेपी को हराना है और वोटों को बंटने नहीं देना है। यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस हरियाणा विधानसभा चुनाव में पहलवान विनेश फोगट को मैदान में उतारेगी, बाबरिया ने कहा कि जल्द स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। कांग्रेस की सीईसी की सोमवार के बाद मंगलवार को भी बैठक हुई। इसमें हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया गया। हरियाणा की 90 विधानसभा सीट के लिए पांच अक्टूबर को मतदान होगा और मतगणना आठ अक्टूबर को होगी।
