कोलंबो,
गरजते-बरसते बादलों के बीच भारतीय सूरमाओं की हुंकार के आगे पाकिस्तान ने घुटने टेक दिए। एशिया कप 2023 के सुपर-4 के इस महामुकाबले को खत्म होने में दो दिन लग गए। लगभग 16 घंटे तक चले इस मैच में पहले रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने हवाई फायर से हौसला तोड़ा तो रिजर्व डे पर विराट कोहली और केएल राहुल ने रिकॉर्डतोड़ शतकीय पारी खेलते हुए पाकिस्तान के खिलाफ सबसे बड़े रनों का पहाड़ (356/2) खड़ा किया। बड़े लक्ष्य के आगे न केवल दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज बाबर आजम ने हथियार डाले, बल्कि मोहम्मद रिजवान, फखर जमां के साथ-साथ पाकिस्तान के तमाम तुर्रम बल्लेबाजों के हौसले ने भी जवाब दे दिया। पाकिस्तानी टीम 32 ओवरों 8 विकेट पर 128 रन ही बना सकी। उसके दो बल्लेबाज इंजर्ड थे तो वे बैटिंग करने नहीं उतरे। इस तरह से भारत ने 228 रनों से जीत दर्ज करते हुए बता दिया कि अब भी पाकिस्तान को बराबरी की टक्कर देने में कई साल लग जाएंगे। यह वनडे में पाकिस्तान कके खिलाफ भारत की रनों के मामले में सबसे बड़ी जीत है। कुलदीप यादव ने 5 विकेट झटके।
भारतीय टीम ने बनाया पाकिस्तान के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर
इससे पहले विराट कोहली और लोकेश राहुल के नाबाद शतक और दोनों के बीच अटूट दोहरी शतकीय साझेदारी से भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 2 विकेट पर 356 रन बनाए। कोहली ने अपने 47वें शतक के दौरान 94 गेंद में 9 चौके और 3 छक्के की मदद से नाबाद 122 रन बनाए। उन्होंने लंबे समय बाद मैदान पर लौटे राहुल (नाबाद 111 रन, 106 गेंद, 12 चौके, दो छक्के) के साथ तीसरे विकेट के लिए 233 रन की अटूट साझेदारी भी की। इन दोनों ने डेथ ओवरों में आक्रामक रुख अपनाया, जिससे भारत अंतिम 10 ओवर में 105 रन जोड़ने में सफल रहा। कोहली का आर प्रेमदासा स्टेडियम में यह लगातार चौथा शतक है।
कोहली और राहुल ने जमाए शानदार शतक
बता दें कि मैच में भारतीय टीम ने सोमवार (10 सितंबर) को टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 24.1 ओवर में 2 विकेट गंवाकर 147 रन बना दिए थे. इसके बाद बारिश आई और मैच नहीं हो सका. केएल राहुल (17) और विराट कोहली (8) नाबाद रहे थे. फिर मैच को एक दिन बाद यानी रिजर्व डे (11 सितंबर) में कराया गया.
भारतीय टीम रिजर्व डे में इसी स्कोर से आगे खेलना किया और फिर पाकिस्तानी गेंदबाजों की धुलाई शुरू कर दी. रिजर्व डे में भारतीय टीम ने एक भी विकेट नहीं गंवाया. विराट कोहली और केएल राहुल ने दमदार पारियां खेलीं. राहुल ने अपना छठा और कोहली ने 47वां वनडे शतक जमाया.
पाकिस्तान की पूरी टीम 128 रनों पर सिमटी
रिजर्व डे में राहुल और कोहली ने पाकिस्तानी गेंदबाजों को जमकर धोया. राहुल ने 106 गेंदों पर 111 और कोहली ने 94 बॉल पर 122 रनों की नाबाद पारी खेली. दोनों के बीच 194 गेंदों पर 233 रनों की साझेदारी हुई. कोहली-राहुल की इस पारी के बदौलत मैच में भारतीय टीम ने 2 विकेट गंवाकर 356 रन बनाए.
मुकाबला जीतने के लिए पाकिस्तान के सामने 357 रनों का टारगेट था, लेकिन पूरी टीम 32 ओवरों में 8 विकेट पर 128 रन ही बना सकी. टीम के दो खिलाड़ी हारिस रऊफ और नसीम शाह चोट के कारण बैटिंग के लिए नहीं उतरे.पाकिस्तान टीम के लिए फखर जमां ने 27 रन बनाए. जबकि आगा सलमान और इफ्तिखार अहमद ने 23-23 रन ही बना सके. जबकि भारतीय टीम के लिए स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए.
