नई दिल्ली,
एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने दिल्ली से आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान को गिरफ्तार कर लिया है. एसीबी ने आज अमानतुल्लाह से पूछताछ के बाद उनके घर और पांच ठिकानों पर छापामारी की थी. अमानतुल्लाह से वक्फ बोर्ड में नियुक्तियों में गड़बड़ी किए जाने के मामले में पूछताछ चल रही है.
जानकारी के मुताबिक, ACB ऑफिस में लॉकअप ना होने की वजह से अमानतुल्लाह खान को आज रात नजदीक के सिविल लाइन थाने के लॉकअप में रखा जाएगा. शनिवार दोपहर 12 बजे के बाद संबंधित कोर्ट में पेशी होगी. ACB अमानतुल्लाह खान को कोर्ट में पेश करने के बाद कस्टडी की अपील करेगी.
शुक्रवार को अमानतुल्लाह के दो करीबियों के ठिकानों से 24 लाख रुपए कैश और दो पिस्टल बरामद की गई हैं. इनमें एक पिस्टल विदेशी है, जिसका लाइसेंस नहीं है. ACB का कहना है कि अमानतुल्लाह के घर आज रेड मारी थी. उनके खिलाफ सुबूतों और आपत्तिजनक सामग्री के आधार पर गिरफ्तारी की गई है.
AAP के वार्ड प्रेसिडेंट के घर 12 लाख बरामद
ACB की रेड के दौरान आम आदमी पार्टी के वार्ड प्रेसिडेंट और अमानतुल्लाह के करीबी कौशर इमाम सिद्दकी के यहां से भी कैश, पिस्टल और कारतूस बरामद हुए हैं. कौशर इमाम के घर से 12 लाख बरामद किए गए हैं. अब तक की रेड में कुल 24 लाख कैश और 2 हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं.
जो रिकॉर्ड मांगे गए, वो मैंने दिए हैं: अमानतुल्लाह
वहीं, अमानतुल्लाह ने कहा- ये लोग कहते हैं ऊपर से प्रेशर है. कोई भी शिकायत डालता है. CEO वक्फ बोर्ड की शिकायत पर ऐसा हो रहा है. कॉन्ट्रैक्ट के लिए नहीं, पर्मानेंट स्टाफ के लिए नियुक्ति हुई थी. दंगों के समय मेरा पर्सनल अकाउंट, रिलीज अकाउंट नहीं बन सकता था. उन्होंने कहा कि मुझसे पहले 24 लोगों को भर्ती किया गया. सबको मेरिट बेस पर लिया गया. उसी CEO ने इन लोगों भी रखा, जिसने शिकायत की है. ये 2022 के रिकॉर्ड मांग रहे हैं जो हमने दिया. रिलीफ कमिटी 2020 में बनी, FIR उससे पहले हो गई. ना मैंने किसी केस को प्रभावित किया ना कुछ गलत किया. मैंने सभी मानदंडों का पालन किया है. मेरे खिलाफ 23-24 FIR हैं.
मुश्किलों में AAP नेता
आम आदमी पार्टी के विधायक और मंत्री इस समय जांच एजेंसियों के रडार पर हैं. पिछले महीने डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के घर सीबीआई ने छापा मारा था और जांच की थी. सिसोदिया पर बीजेपी शराब घोटाले का आरोप लगा रही है. इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को ईडी ने 30 मई को मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तार किया था. जैन अभी जेल में बंद हैं.
