ग्वालियर ,
अगर आपको अपने इस जन्म के साथ-साथ अगला जन्म भी ठीक करना है तो आप दान, पुण्य और धर्म के कार्य करेंगे. लेकिन मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की सोच थोड़ी-सी जुदा है. वह अपने इस जन्म के साथ अगले जन्म को ठीक करने के लिए अपने हाथों से अस्पताल के टॉयलेट साफ करते नजर आए और अस्पताल में झाड़ू लगाते हुए भी नजर आए.
दरअसल, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर अक्सर अपने साफ सफाई वाले अंदाज के लिए जाने जाते हैं. कभी वे नाले में कूद कर सफाई करने लगते हैं, कभी सार्वजनिक शौचालय को अपने हाथों से साफ करने लगते हैं.
सोमवार को भी ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर सिविल अस्पताल हजीरा में पहुंच गए. यहां ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने अपने हाथों में झाड़ू थाम कर पहले अस्पताल परिसर में जमकर झाड़ू लगाई और साफ सफाई की. इसके बाद अस्पताल के टॉयलेट का नंबर आ गया. ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने अपने हाथों से अस्पताल के टॉयलेट को भी घिस-घिसकर चमका दिया.
इस बारे में जब सवाल किया गया कि आखिर इस तरह साफ-सफाई क्यों कर रहे हैं? तो मंत्री तोमर ने कहा कि जाने अनजाने में हमसे कई गलतियां हो जाती हैं और हर गलती की कोई ना कोई सजा होती है. इस जन्म के साथ-साथ अगला जन्म ठीक हो सके, इसके लिए इस तरह के कार्य करना जरूरी है.
एमपी के कैबिनेट मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने कहा कि वह अपने ग्वालियर प्रवास के दौरान प्रतिदिन कम से कम 10 मिनट किसी न किसी स्थान पर साफ सफाई जरूर करेंगे. ग्वालियर सीट से बीजेपी प्रत्याशी का यह अंदाज तो सबके लिए पुराना हो चुका है. लेकिन अगला जन्म ठीक करने के लिए टॉयलेट साफ करने का यह तरीका सभी को हैरान कर देने वाला है.ने हाथों से किए अस्पताल के टॉयलेट साफ, घिस-घिसकर चमका दिए
