नई दिल्ली
सुप्रीम कोर्ट में आज चुनावी बॉन्ड पर सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ वकील मैथ्यू नेदुम्पारापर पर भड़क गए। चीफ जस्टिस ने बॉन्ड पर सुनवाई के दौरान नेदुम्पारा से कहा कि आप मुझ पर चिल्लाइए मत। अगर आपको याचिका दाखिल करनी है तो आवेदन दीजिए। हम यहां आपकी सुनवाई के लिए नहीं बैठे हैं। नेदुम्पारा ने सुनवाई के दौरान कहा कि पूरा फैसला नागरिकों के पीठ पीछे दिया गया। नेदुम्पारा इस दौरान लगातार बोलते रहे। जब जस्टिस बी आर गवई ने कहा क्या आपको मानहानि का नोटिस चाहिए?
चीफ जस्टिस ने कहा कि हम आपके लिए अपवाद नहीं बना सकते हैं। ये फैसला सबके लिए है। जस्टिस गवई ने कहा कि पूरी दुनिया को पता है कि इस मामले की सुनवाई चल रही है। इसपर चीफ जस्टिस ने कहा कि आप यहां तब आए जब फैसला दिया जा चुका है। हम अभी आपकी सुनवाई नहीं कर सकते हैं।
इसी सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) के अध्यक्ष अधीश अग्रवाल ने स्वत: संज्ञान के लिए याचिका दाखिल की। इसपर चीफ जस्टिस चंद्रचूड़ ने कहा कि मिस्टर अग्रवाल आप एक वरिष्ठ वकील के अलावा SCBA के अध्यक्ष भी हैं। आपको प्रक्रिया की पूरी जानकारी है। आपने मुझे पत्र भी लिखा है। ये सब पब्लिसिटी के लिए है। इसको रहने दीजिए। मैं इसपर कुछ कहना नहीं चाहता हूं।
