17.9 C
London
Wednesday, June 17, 2026
Homeराजनीतिपहले प्रियंका फिर आतिशी पर आपत्तिजनक बयान, दिल्ली चुनाव में बीजेपी को...

पहले प्रियंका फिर आतिशी पर आपत्तिजनक बयान, दिल्ली चुनाव में बीजेपी को भारी ना पड़ जाएं रमेश बिधूड़ी

Published on

नई दिल्ली :

दिल्ली में चुनाव की तारीखों की घोषणा होने वाली है। आम आदमी पार्टी, कांग्रेस के बाद बीजेपी की तरफ से उम्मीदवारों की घोषणा हो चुकी है। पीएम मोदी ने दिल्ली में दो चुनावी जनसभा कर चुनाव माहौल को गर्मा दिया है। इस बीच बीजेपी के पूर्व सांसद और कालकाजी से उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी का एक के बाद एक दो विवादित बयान सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारे में चर्चा का विषय बने हुए हैं। खास बात है कि विपक्ष ने बीजेपी नेता के आपत्तिजनक बयान को लेकर तीखा हमला किया है।

बीजेपी को भारी ना पड़ जाए बयान
चुनाव के समय एक के बाद एक महिला विरोधी बयान को लेकर बीजेपी की चौतरफा आलोचना हो रही है। आम आदमी पार्टी से लेकर कांग्रेस ने बीजेपी को इस मुद्दे पर घेरा है। इसके साथ ही बीजेपी पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया जा रहा है। दिल्ली में एक तरफ पार्टी जहां आधी आबादी के वोटों को अपने पाले में करने में जुटी हुई है, दूसरी तरफ इस तरह के बयान पार्टी की साख को बट्टा लगा रहे हैं।

क्या इस घटिया भाषा और सोच पर बीजेपी की महिला नेत्रियां, महिला विकास मंत्री, नड्डा जी या खुद प्रधानमंत्री मोदी कुछ बोलेंगे? असल में यह महिला विरोधी घटिया भाषा और सोच के जनक तो खुद मोदी जी ही हैं। जब वो चुनावी सभाओं में मंगलसूत्र और मुजरा जैसे शब्द बोलते हैं तो उनके लोग और क्या ही बोलेंगे? इस घटिया सोच के लिए न केवल रमेश बिधूड़ी बल्कि उनके शीर्ष नेतृत्व को माफी मांगनी चाहिए।
सुप्रिया श्रीनेता, प्रवक्ता कांग्रेस

राजनीति के जानकारों का मानना है कि इस तरह के बयान को बीजेपी के खिलाफ प्रतिद्वंद्वी बड़ा मुद्दा बना सकते हैं। राजनीति में कौन सा बयान कितना भारी पड़ जाए ये कोई नहीं जानता। अतीत में कई ऐसे उदाहरण है जिसमें सामने आया है कि किस तरह से एक बयान ने चुनाव का रुख ही मोड़ दिए हैं। पीएम मोदी के खिलाफ मौत का सौदागर, चौकीदार चोर हैं से लेकर आरक्षण पर संघ प्रमुख मोहन भागवत का बयान इसका उदाहरण हैं।

बीजेपी को लगानी होगी लगाम
रमेश बिधूड़ी और विवादित बयान का रिश्ता नया नहीं है। रमेश बिधूड़ी का संसद में कुंवर दानिश अली को लेकर विवादित बयान लोग नहीं भूले हैं। प्रियंका गांधी के विवादित बयान के तुरंत बाद दिल्ली के सीएम पर आपत्तिजनक बयान को लेकर प्रदेश बीजेपी के अन्य नेता खुद बैकफुट पर नजर आए। चुनाव से ठीक पहले पार्टी को इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाना होगा। वो भी तब जब चुनाव में आधी आबादी का वोट महत्वपूर्ण है।

सिर्फ आलोचना करने भर से पार्टी इस तरह के विवादित बयान से खुद को अलग नहीं कर पाएगी। हालांकि, विवादित बयान के बाद बिधूड़ी ने खेद जताया। बाद में उन्होंने ‘एक्स’ पर एक मैसेज पोस्ट किया। इसमें उन्होंने खेद व्यक्त करते हुए कहा यदि उनकी टिप्पणियों से किसी को ठेस पहुंची है तो वह खेद प्रकट करते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने राजनीतिक लाभ के लिए उनकी टिप्पणियों का गलत अर्थ निकाला है।

बिधूड़ी पर भड़की कांग्रेस
बिधूड़ी के प्रियंका गांधी पर बयान को लेकर कांग्रेस बीजेपी पर भड़क गई। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत रमेश बिधूड़ी के बयान को महिला विरोधी बताया। उन्होंने कहा है कि बीजेपी घोर महिला विरोधी है। उन्होंने कहा कि बिधूड़ी का प्रियंका गांधी के संदर्भ में दिया बयान शर्मनाक ही नहीं बल्कि उनकी औरतों के बारे में कुत्सित मानसिकता को दिखाता है। जिस आदमी ने सदन में अपने साथी सांसद को गंदी गालियां दी हों और इसकी कोई सजा ना मिली हो, उससे और क्या उम्मीद की जा सकती है? यही बीजेपी का असली चेहरा है।

आम आदमी पार्टी हुई हमलावर
आम आदमी पार्टी ने कहा कि बिधूड़ी की एक महिला मुख्यमंत्री के खिलाफ ‘अपमानजनक टिप्पणी’ ने बीजेपी की ‘महिला विरोधी’ मानसिकता को उजागर किया है। पार्टी ने कहा कि अगर वह अभी इस तरह का व्यवहार करते हैं, तो कल्पना करें कि अगर वह गलती से विधायक बन गए, तो आम महिलाओं के साथ कैसा व्यवहार होगा।

आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने बिधूड़ी के बयान को लेकर बीजेपी पर हमला किया। केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट किया। भाजपा के नेताओं ने बेशर्मी की सारी हदें पार कर दी। बीजेपी के नेता दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी जी को गंदी-गंदी गालियां दे रहे हैं। एक महिला मुख्यमंत्री का अपमान दिल्ली की जनता सहन नहीं करेगी। दिल्ली की सभी महिलाएं इसका बदला लेंगी।

बिधूड़ी ने प्रियंका, आतिशी पर क्या कहा था?
प्रियंका गांधी वाड्रा को लेकर दिए विवादित बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि लालू ने वादा किया था बिहार की सड़कों को हेमा मालिनी के गालों जैसा बना दूंगा, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाए। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं, जैसे ओखला और संगम विहार की सड़कें बना दी हैं। वैसे ही कालकाजी में सारी की सारी सड़कें प्रियंका गांधी के गाल जैसी बना दूंगा।

बिधूड़ी ने मुख्यमंत्री आतिशी के सरनेम को लेकर विवादित टिप्पणी की। बिधूड़ी ने कहा कि आतिशी ने अपना सरनेम ‘मार्लेना’ से बदलकर ‘सिंह’ कर लिया है। वह मार्लेना से सिंह बन गईं, उन्होंने नाम बदल लिया। मार्लेना ने अपना बाप बदल लिया। पहले वह मार्लेना थीं, अब वह सिंह बन गई हैं। यह उनका चरित्र है।

Latest articles

​बीएचईएल में बीएमडी जांच शिविर का आयोजन, 400 लोगों ने उठाया लाभ

​हरिद्वार l बढ़ती हुई अस्थि रोग (हड्डियों से संबंधित) समस्याओं को देखते हुए बीएचईएल...

बीएचईएल भोपाल में 10-दिवसीय योग उत्सव शुरू, “स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग” थीम पर होंगे 13 कार्यक्रम

​भोपाल। शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक सेहत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भेल (BHEL),...

शिक्षा के साथ संस्कारों का समावेश हमारी प्राथमिकता : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने...

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सांगानेर में शहरी सेवा शिविर का किया निरीक्षण, लाभार्थियों को वितरित किए पट्टे और सहायता सामग्री

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सांगानेर क्षेत्र में आयोजित 'शहरी सेवा शिविर' का औचक...

More like this

भेल में अत्याधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग प्रणालियों का उद्घाटन— ईडी ने किया शुभारंभ

भोपाल। भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) भोपाल के कार्यपालक निदेशक (ईडी) पीके उपाध्याय ने...

एक जिला एक उत्पाद’ नीति से राजस्थान के स्थानीय उत्पादों को मिल रही वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने...

1 अप्रैल से भोपाल में प्रॉपर्टी खरीदना होगा महंगा, 740 लोकेशन पर बढ़ेगी कलेक्टर गाइड लाइन

भोपाल राजधानी भोपाल में 1 अप्रैल से प्रॉपर्टी खरीदना महंगा हो जाएगा। जिले की कुल...