नई दिल्ली
मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में तिहाड़ जेल में बंद आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन की एक के बाद एक वीडियो वायरल हो रही हैं। इन वीडियो में जेल के अंदर वह ऐशो-आराम फरमाते नजर आ रहे हैं। मसाज वीडियो के बाद अब तिहाड़ जेल के सूत्रों से एक नई CCTV फुटेज सामने आई है, फुटेज में वह हेल्दी डाइट लेते हुए दिख रहे हैं। इस वीडियो पर पूर्व आईपीएस किरण बेदी जमकर भड़कीं हैं। बेदी ने कहा, जब आपको ऐसी सुविधाएं मिलती हैं जो दूसरों से अलग हैं तो वह जेल नहीं वह एक तरह से हाउस अरेस्ट है। जब उनके मंत्री ही जेल में हैं तो जेल प्रबंधक क्या कार्रवाई करेंगे?
किरण बेदी ने आगे कहा कि, अगर नियमों में अनुमति है तो उपराज्यपाल सत्येंद्र जैन के निलंबन की सिफारिश राष्ट्रपति से कर सकते हैं। ऐसा कैसे हो सकता है कि जेल में रहते हुए जेल मंत्री नियमों का उल्लंघन करें? यह भी पता करना चाहिए कि क्या इनको वेतन मिल रहा है? क्योंकि निलंबन में वेतन नहीं मिलता है।
किरण बेदी ने उठाया यह अहम सवाल
किरण बेदी ने कहा कि, अगर जेल की नियमावली से हटकर कुछ करना होता है तो आपको कोर्ट से अनुमति लेनी होती है। अगर सत्येंद्र जैन के पास मंत्री पद है और साथ में वेतन भी ले रहे हैं तो वह किस बात का वेतन ले रहे हैं? वह अंदर से कौन सा काम कर रहे हैं? किसकी अनुमति से कर रहे हैं? दरअसल दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन की तिहाड़ जेल के सूत्रों से एक नई CCTV फुटेज सामने आई है, फुटेज में वह हेल्दी डाइट लेते हुए दिख रहे हैं। तिहाड़ जेल सूत्र के अनुसार जेल में रहने के दौरान उनका वजन 8 किलो बढ़ गया है, जबकि उनके वकील ने दावा किया है कि उनका वजन 28 किलो कम हुआ है।
