इस्लामाबाद
पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के गिलगिट बाल्टिस्तान में शुक्रवार को एक भीषण बस हादसा हुआ है, जिसमें कम से कम 20 लोगों लोगों की मौत हुई है, जबकि करीब 21 घायल हैं। कराकोरम हाईवे की एक संकरी पहाड़ी पर बस सड़क से फिसलकर खाई में गिर गई। हादसे में बस के परखच्चे उड़ गए। पुलिस के अनुसार, हादसा शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े पांच बजे कराकोरम राजमार्ग पर यशोखाल इलाके में हुआ। पुलिस ने बताया कि बस रावलपिंडी से गिलगिट के लिए जा रही थी और इस पर 40 से ज्यादा यात्री सवार थे।
हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। घायलों को पास के चिलास अस्तपाल में भर्ती कराया गया है। जियो न्यूज के मुताबिक मरने वालों में तीन महिलाएं शामिल हैं। जियो न्यूज ने डायमर के डिप्टी कमिश्नर फैयाज अहमद के हवाले से बताया कि घायल यात्रियों में पांच की हालत गंभीर है, जबकि दो को इलाज के लिए गिलगित शिफ्ट किया गया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन हुआ खत्म
अहमद ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो गया है। इस दौरान सेना के हेलीकॉप्टर की भी मदद ली गई। उन्होंने बताया कि पुलिस पीड़ितों के परिजनों से संपर्क में है। अधिकारियों के मुताबिक, हादसा चिलास शहर से 20 किलोमीटर की दूरी पर हुआ। हादसे का कारण बताते हुए आधिकारियों का कहना है कि यह संभवतः ओवरस्पीड या मोड़ लेते समय हुआ होगा। हालांकि, पाकिस्तान में कुछ लोग गिलगिट बाल्टिस्तान की खराब सड़कों को भी इस हादसे का जिम्मेदार बता रहे हैं।
पाकिस्तानी पीएम ने जताया शोक
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बस हादसे में लोगों के निधन पर शोक जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने अधिकारियों से घायलों को सभी प्रकार की संभव मेडिकल सहायता देने का निर्देश दिया है। गिलगिट बाल्टिस्तान के मुख्यमंत्री हाजी गुलबर खान ने भी हादसे पर दुख लगाया है।
