मुंबई,
महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के बीच तालमेल और सीएम की कुर्सी पर चुटीले अंदाज में हंसी-ठहाकों से भरी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई. इस दौरान डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और अजित पवार ने अपने ही अंदाज में ‘सीएम की कुर्सी’ को लेकर ऐसा वर्डप्ले किया कि पूरा प्रेस रूम ठहाकों से गूंज उठा.
दरअसल, प्रेस कॉन्फ्रेंस में डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने अपने शुरुआती तीन मिनट में कहा कि यह हमारी सरकार का नया कार्यकाल है, लेकिन हम सभी एक जैसे हैं. मेरे और देवेंद्र फडणवीस के बीच सिर्फ ‘सीएम की कुर्सी’ का ही फेरबदल हुआ है, लेकिन अजित दादा (अजित पवार) उसी कुर्सी पर हैं, इसलिए उनके लिए कोई टेंशन नहीं है. इस पर अजित पवार ने हंसी में कहा कि अगर आप अपनी मुख्यमंत्री की कुर्सी नहीं बचा पाए तो मैं क्या करूं.
शिंदे ने तुरंत सफाई देते हुए कहा कि यह सब आपसी समझ के तहत हो रहा है. इसके बाद सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मजाकिया अंदाज में कहा कि हमारे बीच यह ‘रोटेटिंग अंडरस्टैंडिंग’ है.
‘कोल्ड वॉर’ पर भी दिया मजेदार जवाब
शिंदे-फडणवीस-अजित की इस जुगलबंदी के बीच जब गठबंधन में खटपट को लेकर सवाल पूछा गया तो फडणवीस ने कहा कि आप लोग अपनी ब्रेकिंग न्यूज के लिए हमें लड़ाने की कितनी भी कोशिश कर लें, लेकिन हमारा गठबंधन टूटने वाला नहीं है. फडणवीस ने चुटकी लेते हुए कहा कि इतनी गर्मी में भला कोल्ड वॉर कैसे हो सकता है? हमारे बीच सब कुछ ‘ठंडा ठंडा, कूल कूल’ है.
फडणवीस का विपक्ष पर तंज
महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने विपक्षी गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि वे दिखाते हैं कि ‘हम साथ साथ हैं. लेकिन असल में उनकी हालत ‘हम अपने हैं कौन’ जैसी है. सीएम फडणवीस ने कहा कि विपक्ष ने सरकार की पारंपरिक चाय पार्टी के बहिष्कार को लेकर 6 पन्नों का नोट हमें भेजा है, जिसमें बहिष्कार की वजहें बताई गई हैं, लेकिन दिलचस्प बात ये है कि उस नोट पर जिनके हस्ताक्षर होने चाहिए थे, उनमें से दो नाम ही गायब हैं. अब हम ये पता लगाने में जुटे हैं कि वो दो लोग कौन हैं, जिन्होंने साइन नहीं किया. फडणवीस ने चुटकी लेते हुए पूछा कि एक तरफ वे बेहतर संवाद की बात करते हैं और दूसरी तरफ संवाद के लिए रखी गई चाय पार्टी में शामिल नहीं होते, ये कैसा दोहरापन है?
