गुना ,
मध्य प्रदेश के गुना कलेक्टर अमनवीर सिंह बैंस गुना जिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान एक मरीज को ब्लड की जरूरत थी। उसके परिजन ब्लड की गुहार लगाने कलेक्टर अमनवीर सिंह के पास पहुंचे। इस दौरान कलेक्टर ने ब्लड को बुलेट सुन लिया और उन्होंने मरीज से कहा कि ये कोई बुलेट मांगने की जगह है। उन्होंने फरियादी को फटकार लगा दी। कलेक्टर को अपनी गलती का एहसास हुआ तो उन्होंने तत्काल गलती मानी। सिविल सर्जन को मरीज के परिजन की मदद करने के निर्देश दिए।
दरअसल, गुना कलेक्टर अमनवीर सिंह मंगलवार को गुना अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान एक मरीज के परिजन ब्लड की जरूरत होने पर कलेक्टर के पास पहुंचे। यहां मरीज के परिजन ने कलेक्टर अमनवीर सिंह से ब्लड की जरूरत होने पर मांग की तो कलेक्टर ब्लड को बुलेट सुन मरीज के परिजन पर भड़क गए। उन्होंने कहा कि ये कोई जगह है बुलेट मांगने की… इसकी कुछ देर बाद जब कलेक्टर को पता चला कि मरीज के लिए ब्लड यानी रक्त की मांग की जा रही है। कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से अस्पताल के सिविल सर्जन को बुलाकर मरीज के ब्लड की जरूरत होने पर परिजन की मदद करने के निर्देश दिए।
कमियां मिलने पर नाराज हुए कलेक्टर
गुना कलेक्टर अमनवीर सिंह ने अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर अस्पताल मैटरनिटी वार्ड में पहुंचे, तो उन्हें कई तरह की समस्याएं देखने को मिलीं। अस्पताल के निरीक्षण के दौरान कुछ डॉक्टरों पर रिश्वत मांगने के आरोप भी कई लोगों ने लगाए। इस पर कलेक्टर ने संबंधित को नोटिस देने की भी निर्देश दिए। गौरतलब है कि गुना कलेक्टर अमनवीर सिंह बैंस पूर्व मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस के बेटे हैं। वह गुना से पहले बैतूल में कलेक्टर रहे हैं। पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी उन्हें डांट लगाई थी। इसका वीडियो वायरल हुआ था।
आगे-आगे आवारा सांड और पीछे-पीछे कलेक्टर साहब
जिला अस्पताल के औचक निरीक्षण पर पहुंचे गुना कलेक्टर की एक और तस्वीर वायरल हो रही है. जहां उनका सामना अस्पताल परिसर में घूम रहे आवारा मवेशियों से हो गया. आगे-आगे आवारा सांड और पीछे पीछे कलेक्टर साहब चलते दिखाई दिए. हालांकि, कलेक्टर साहब के सुरक्षाकर्मी ने आवारा सांड को हटाने की भरपूर कोशिश की लेकिन सांड अपने जोशीले अंदाज में आगे-आगे चलता रहा. जिला अस्पताल में आवारा पशुओं की मौजूदगी ने कलेक्टर साहब को नाराज कर दिया.कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस ने बताया कि जिला अस्पताल में निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां पाई गई हैं, जिन्हें सुधारने के निर्देश दिए गए हैं. महिला डॉक्टर्स पर रिश्वत मांगने के आरोपों की जांच के आदेश दिए गए हैं.
