नई दिल्ली
आए दिन ‘अखंड भारत’ और ‘हिंदू राष्ट्र’ का मुद्दा उछलने से टीवी डिबेट गरमागरम हो जाती है। सोशल मीडिया पर पिछले कई घंटों से ऐसा ही एक वीडियो वायरल है, जिसमें एक मुस्लिम स्कॉलर अखंड भारत की बात कर रहे हैं। जी हां, इनका नाम शोएब जमई है। यह टीवी डिबेट में मुस्लिम एक्सपर्ट के रूप में अक्सर दिखाई देते हैं। वायरल हो रहे वीडियो में वह कहते सुने जाते हैं, ‘कसम खुदा की कह रहा हूं, अल्लाह करे वो दिन आए कि ये देश अखंड भारत बन जाए और पाकिस्तान में रहने वाले 25 करोड़ मुसलमान, बांग्लादेश में रहने वाले 25 करोड़ मुसलमान और हिंदुस्तान में रहने वाले 25 करोड़ मुसलमान ये सब मिलकर जिस दिन 75 करोड़ हो जाएंगे। उस दिन हमारा ही मुसलमान प्राइम मिनिस्टर होगा और 250 से ज्यादा हमारे सांसद होंगे।’
वीडियो क्लिप में वह आगे कहते सुने जाते हैं, ‘2024 में ऐसे बाबाओं को लंगोट लेकर न भागना पड़ा तो शोएब जमई का नाम बदल देना… तुम्हारे बाप का देश है।’ जमई के वीडियो से यह स्पष्ट नहीं है कि यह किस डिबेट से लिया गया है लेकिन यह साफ है कि वह बागेश्वर बाबा पर हमलावर थे। बाबा लगातार हिंदू राष्ट्र की बात करते रहते हैं। 35 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रहा है। कई लोगों ने यूपी और दिल्ली पुलिस से शिकायत भी कर दी है। उन पर हिंदुओं और मुसलमानों में नफरत फैलाने के आरोप लगाए जा रहे हैं। शिवम गुप्ता जैसे कुछ लोगों ने तो देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग कर डाली। ट्विटर पर कई वीडियो ऐसे भी मिल जाएंगे जिसमें शोएब अपशब्द भी कहते सुने जाते हैं।
कौन हैं शोएब जमई
शोएब जमई ने ट्विटर पर अपने बायो में लिखा है कि वह इंडिया मुस्लिम फाउंडेशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। साथ ही उन्होंने अपना परिचय शाहीन बाग मूवमेंट के कन्वीनर के तौर पर भी बताया है। वह मीडिया पैनलिस्ट हैं। वह जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर भी हैं। उनके वीडियो पर जब विवाद बढ़ने लगा तो डॉ. शोएब जमई ने आज हिंदी में लंबा ट्वीट किया।
उन्होंने लिखा, ‘जब हमने RSS द्वारा प्रस्तावित अखंड भारत की बात की। एक HYPOTHETICAL SITUATION समझाया कि ऐसी स्थिति में क्या-क्या मुमकिन हो सकता है। जनसंख्या का अनुपात बड़ेगा। Demography चेंज होगी तो जवाब में … कहा गया कि सब का धर्म परिवर्तन करवा दिया जाएगा। कोई क्यों करेगा धर्म परिवर्तन। क्या डरा कर सकते हो या जबरन? फिर हमने जब समझाया कि मुमकिन है कि कोई मुस्लिम भी प्रधानमंत्री बन सकता है तो हंगामा मच गया। इनका एजेंडा इन्हीं पे भारी पड़ने लगा। बस देने लगेंगाली और धमकियां। Check mate… अरे, इसीलिए कहता हूं कि ख्याली पुलाव मत बनाओ, कब तक भ्रम में रहोगे। सच्चाई ये है कि ऐसा होना निकट भविष्य में मुमकिन नहीं इसलिए जिस देश में हम रहते हैं उसी को खूबसूरत बनाओ…।
