बेंगलुरु
कर्नाटक के चुनावी रण के बीच प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी को लेकर बड़ा बयान दिया है। जिससे कि राज्य की सियासत गर्मा गई है। बागलकोट जिले में रैली के बीच प्रियंका गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी पहले ऐसे पीएम हैं जो कि देश के सामने रोते हैं। प्रियंका यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने कहा कि कम से कम वे एक चीज में फिट बैठते हैं। जिस तरह से पीएम मोदी देश की जनता के सामने अपनी समस्या रखते हैं यह दिखावा नहीं तो और क्या है? जितनी गालियां इन लोगों ने मेरे परिवार को दी हैं। अगर हमारा परिवार उसकी गिनती करना चालू कर दे। तो कम से कम एक किताब प्रकाशित हो जाएगी।
पीएम मोदी ने गाली वाली बात पर कांग्रेस को घेरा था
पीएम मोदी ने बीते दिनों बीदर की रैली में कहा कि कांग्रेस और उसके नेता अब तक 91 बार अलग-अलग तरह से उन्हें अपमानित कर चुके हैं। जिसके बाद प्रियंका गांधी का पीएम मोदी पर यह पलटवार सामने आया है। पीएम मोदी ने बीदर की रैली के बीच कांग्रेस पर कर्नाटक में लिंगायत समुदाय का अपमान करने का भी आरोप लगाया था। मोदी ने कहा था कि कांग्रेस ने बाबासाहेब आंबेडकर और वीर सावरकर को भी अपशब्द कहे हैं। लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि लोग चुनाव में गालियों का बदला वोट से देंगे।
