नई दिल्ली,
शराब घोटाले में अरेस्ट मनीष सिसोदिया की 5 दिन की सीबीआई हिरासत आज खत्म हो रही है. इसके बाद उन्हें आज कोर्ट में पेश किया जाएगा. दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में सिसोदिया की जमानत अर्जी पर कोर्ट आज फैसला करेगा. वहीं, सिसोदिया ने अपनी जमानत अर्जी में कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसी द्वारा बुलाए जाने पर वह जांच में शामिल हो गए हैं.
सिसोदिया ने जमानत याचिका में आगे कहा कि उन्हें हिरासत में रखने से कोई उद्देश्य पूरा नहीं होगा, क्योंकि सभी बरामदगी पहले ही की जा चुकी है. साथ ही कहा कि इस मामले में गिरफ्तार अन्य आरोपियों को पहले ही जमानत मिल चुकी है.सिसोदिया ने दावा किया है कि उनके पास दिल्ली के डिप्टी सीएम का महत्वपूर्ण संवैधानिक पद है और समाज में उनकी गहरी प्रतिष्ठा है. वहीं, उनके वकील कह रहे हैं कि याचिका की कॉपी सुनवाई तक शेयर नहीं की जाएगी.
दरअसल, सीबीआई ने सिसोदिया को 26 फरवरी को आठ घंटे की लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था, 27 फरवरी को कोर्ट ने उन्हें 5 दिन की सीबीआई कस्टडी में भेज दिया था. सिसोदिया ने CBI की गिरफ्तारी को पहले सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन सर्वोच्च अदालत ने उन्हें फटकार लगाते हुए कहा था कि आपको पहले दिल्ली HC जाना चाहिए. जोर देकर कहा था कि जमानत के लिए सीधे-सीधे सर्वोच्च अदालत में पहुंच जाना गलत परंपरा है.
