मेरठ:
उत्तर प्रदेश में मेरठ स्थित सरधना क्षेत्र के कालिंदी गांव में दलित समाज की बारात पर दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। दूल्हे समेत बारातियों को बेरहमी से पीटा गया, जिससे दूल्हे के भाई का सिर फट गया। हमलावरों ने दूल्हे की दो सोने की अंगूठी, एक ब्रेसलेट और उसके चाचा से 2 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया। इस हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। महिलाओं को भी दौड़ाकर पीटा गया, जिससे शादी की रस्में बाधित हो गईं। बाद में पुलिस की कड़ी सुरक्षा में शादी संपन्न करवाई गई।
दूल्हे संजीव ने बताया कि ठाकुर बिरादरी के दबंगों ने बारात रोककर धमकी दी कि गांव में सिर्फ ठाकुरों के घर ही डीजे बजेगा। जब बारात ने इसका विरोध किया, तो हमला कर दिया गया। बारातियों को जातिसूचक गालियां दी गईं और उनके साथ मारपीट की गई। हमलावरों ने कार से बारातियों का पीछा किया, जिससे डरकर बाराती सरधना थाने पहुंच कर अपनी जान बचाई।
महिलाओं से भी की मारपीट-छेड़छाड़
बारात में आए लोगों ने बताया कि हमले में दूल्हे की बहन अंजू को भी चोटें आईं। जब महिलाएं जब बीच-बचाव के लिए आईं, तो उन्हें भी मारा-पीटा गया। कई महिलाओं के साथ अभद्रता भी की गई। बारात में शामिल अन्य लोगों का कहना है कि हमलावरों ने जानबूझकर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर बारात को अपमानित किया।
तीन आरोपी पुलिस हिरासत में
एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया, भोपा मुजफ्फरनगर से मेरठ में सरधना के कालिंदी गांव में आज बारात आई थी। बारात के कुछ लोग गांव के बाहर टिक्की, चाट के ठेलों के पास चाट खाने रुके थे। वहां गांव के ही दूसरे पक्ष के कुछ शरारती किस्म के लोग भी आ गए, वो स्कॉर्पियो में थे। उन लोगों की बारात के युवकों से किसी बात पर कहासुनी हुई।
इसके बाद मारपीट हुई है, जिसमें बारात पक्ष के एक युवक जो दूल्हे का भाई है, उसे कुछ चोटें आई हैं। इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। अब वो ठीक है। थोड़ी देर के लिए शादी की रस्में रोकनी पड़ीं, बाद में पुलिस की कड़ी सुरक्षा में शादी संपन्न कराई गई। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
