8.2 C
London
Wednesday, May 6, 2026
Homeखेलजिद की जीत... अफगानिस्तान के उस सपने की कहानी, जिसे पूरा होते...

जिद की जीत… अफगानिस्तान के उस सपने की कहानी, जिसे पूरा होते ही आंखों से झर-झर गिरने लगे आंसू!

Published on

किंग्सटाउन

विषमता से सफलता के सफर में अपने क्रिकेट इतिहास का सबसे सुनहरा पन्ना लिखते हुए अफगानिस्तान ने टी20 विश्व कप सुपर आठ चरण के मैच में डकवर्थ लुईस प्रणाली से बांग्लादेश को 8 विकेट से हराकर पहली बार सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। जैसे ही नवीनुल हक ने 18वें ओवर की चौथी गेंद पर तस्कीन अहमद का विकेट लिया, उनके साथी खिलाड़ियों से लेकर स्टेडियम में मौजूद समर्थकों तक की आंखें भर आई। कैरेबियाई सरजमीं से काबुल तक क्रिकेटप्रेमियों को भावविभोर करने वाली इस उपलब्धि का कयास क्रिकेट पंडित भी नहीं लगा सके थे।

यूं मिली जीत और जश्न में डूब गए अफगानी
बांग्लादेश को 11वें ओवर में सफलता मिली जब जदरान (29 गेंद में 18 रन) ने हुसैन की गेंद पर अपना विकेट गंवाया। विकेट से मिल रही मदद का पूरा फायदा उठाते हुए बांग्लादेश के गेंदबाजों ने रनगति बढ़ने नहीं दी। तस्कीन अहमद ने गुरबाज के सामने एक मैडन ओवर डाला जिसके बाद शाकिब अल हसन ने अगले ओवर में तीन ही रन दिए। गुरबाज ने 14वें ओवर में दो चौके समेत 13 रन निकाले। मुस्ताफिजूर रहमान और हुसैन ने दस गेंद के भीतर तीन विकेट निकालकर अफगानिस्तान के बड़ा स्कोर बनाने के मंसूबों पर पानी फेर दिया। कप्तान राशिद ने आखिरी ओवर में दो छक्के लगाकर टीम को 100 रन के पार पहुंचाया।

युद्ध की विभीषिका झेलने वाले देश का दुनियाभर में जश्न
राजनीतिक अस्थिरता, युद्ध की विभीषिका झेलने वाले देश की ऐसी टीम ने यह कारनामा कर दिखाया जिसके पास अभ्यास के लिए खुद का मैदान तक नहीं है। इस रोमांचक मुकाबले में पासा पल पल बदलता रहा लेकिन आखिर में बाजी राशिद खान के रणबांकुरों के नाम रही जिन्होंने इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया जैसे दिग्गज का टूर्नामेंट से बोरिया बिस्तर भी बांध दिया। अब सेमीफाइनल में 27 जून को अफगानिस्तान का सामना दक्षिण अफ्रीका से और भारत की टक्कर इंग्लैंड से होगी। इससे पहले बांग्लादेश के गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को पांच विकेट पर 115 रन पर रोक दिया।

पल-पल बदलता रहा रोमांच
लेग स्पिनर रिशाद हुसैन ने 26 रन देकर तीन विकेट चटकाए। शानदार फॉर्म में चल रहे सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज भी खुलकर नहीं खेल पाए और 43 रन बनाने के लिए 55 गेंदें खेल डाली। जवाब में अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को 17.5 ओवर में 105 रन पर आउट कर दिया। राशिद खान ने 23 रन देकर और तेज गेंदबाज नवीनुल हक ने 26 रन देकर चार चार विकेट लिए। बांग्लादेश के लिए लिटन दास (नाबाद 54) अकेले किला लड़ाते रहे। बारिश के कारण खेल कई बार रूका। अफगानिस्तान ने अब तक बल्लेबाजी और गेंदबाजी में अपनी सलामी जोड़ी के दम पर जीत दर्ज की है और आज भी कहानी वही रही। गुरबाज और इब्राहिम जदरान ने 59 रन की साझेदारी की तो फजलहक फारूकी और नवीनुल ने नयी गेंद से विकेट लिए।

कप्तान चला है सीना तान, राशिद का जबरदस्त रिकॉर्ड
शुरुआती विकेट लेने के आदी फारूकी ने तंजीद हसन को दूसरे ही ओवर में पवेलियन भेजा। इसके बाद नवीनुल ने नजमुल हुसैन शांतो और शाकिब अल हसन के कीमती विकेट लिए। बांग्लादेश का स्कोर उस समय तीन विकेट पर 31 रन था जब बारिश के कारण खेल रूका। खेल बहाल होने पर पावरप्ले के छह ओवर में उसने तीन विकेट पर 46 रन बना लिए थे। ऐसे में राशिद ने गेंद संभाली और लगातार ओवरों में विकेट लिए। उन्होंने लगातार दो विकेट लेकर टी20 क्रिकेट में सबसे तेजी से 150 विकेट पूरे करके न्यूजीलैंड के टिम साउदी को पछाड़ा। एक बार फिर बारिश से खलल पड़ा जब बांग्लादेश डकवर्थ लुईस प्रणाली के आधार पर पीछे थी।

नवीन उल हक ने कर दिया सराबोर
ऐसे में अफगानिस्तान के हरफनमौला गुलबदिन नैब अचानक ऐंठन के कारण गिर पड़े जिसे खेल में विलंब करने का शिगूफा माना जा रहा है। उधर खेल बहाल होने पर लिटन ने स्क्वेयर लेग में चौका लगाकर अर्धशतक पूरा किया। नवीनुल ने बांग्लादेश के 9वें और 10वें नंबर के बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर कैरेबियाई धरती से काबुल तक अपने प्रशंसकों को जश्न में सराबोर कर दिया। इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान के खिलाड़ी खुलकर खेल नहीं पा रहे थे।

Latest articles

पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में सुरक्षा बलों पर फायरिंग; 5 घायल, कोलकाता में TMC ऑफिस पर चला बुलडोजर

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हिंसा की घटनाएं शुरू हो गई हैं।...

संजू सैमसन ने डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़ा, अब AB de Villiers की बारी, जड़े इस साल 21 छक्के

नई दिल्ली। संजू सैमसन इस समय ज़बरदस्त फॉर्म में हैं। मंगलवार को उन्होंने दिल्ली...

भोपाल-इंदौर मेट्रो में अब ₹7000 में कर सकेंगे प्री-वेडिंग शूट, फिल्म की शूटिंग और बर्थ-डे सेलिब्रेशन

भोपाल। भोपाल और इंदौर मेट्रो में अब प्री-वेडिंग शूट, फिल्म की शूटिंग और बर्थडे...

अमेरिका-ईरान में फिर बढ़ा तनाव, होर्मुज में बने जंग जैसे हालात-सैन्य गतिविधियां जारी

वॉशिंगटन/तेहरान। पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर बढ़ता दिख रहा है, जहां ईरान...

More like this

संजू सैमसन ने डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़ा, अब AB de Villiers की बारी, जड़े इस साल 21 छक्के

नई दिल्ली। संजू सैमसन इस समय ज़बरदस्त फॉर्म में हैं। मंगलवार को उन्होंने दिल्ली...

कॉर्पोरेट इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में DBT प्रायोजित व्याख्यान श्रृंखला संपन्न: जैव प्रौद्योगिकी के भविष्य पर हुई चर्चा

भोपाल। भारत सरकार के बायोटेक्नोलॉजी विभाग (DBT) के सहयोग से भोपाल के कॉर्पोरेट इंस्टीट्यूट ऑफ...