कराची
पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान में भारी बारिश के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ ने रविवार को यह जानकारी दी। राजधानी क्वेटा समेत बलूचिस्तान प्रांत के कई जिलों में भारी बारिश और तूफान के कारण शनिवार को अचानक बाढ़ का सामना करना पड़ा। कई शहरों में भी बाढ़ की स्थिति रही। विभाग ने एक बयान में कहा, ‘बारिश, तूफान और ओलावृष्टि के कारण अब तक मरने वालों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। ये मौतें पिछले 48 घंटे में हुईं।’
मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि क्वेटा घाटी में शनिवार को भारी बारिश, तूफान और ओलावृष्टि हुई, जिसके कारण मुख्य सड़कों और गलियों में पानी भर गया। अधिकारी ने कहा, ‘आकस्मिक बाढ़ में कई घर भी बह गए और शहरों और कस्बों तथा मुख्य राजमार्गों पर बड़े पैमाने पर यातायात अवरुद्ध हो गया।’ नोशकी जिले में क्वेटा-ताफ्तान राजमार्ग के कुछ हिस्से बाढ़ के पानी में डूब गए, जिससे ईरान से तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (LPG) ले जा रहा एक बड़ा टैंकर भी पानी में समा गया।
चीन और अमेरिका में भी तबाही
अमेरिका और चीन में भी तूफान के कारण तबाही देखने को मिली है। अमेरिका के पांच राज्यों में 83 बवंडर की रिपोर्ट सामने आई है। इस कारण शनिवार को भी मौसम के कारण तबाही देखने को मिली। टेक्सास से लेकर ग्रेट लेक्स तक तूफान आया। ओक्लाहोमा के ह्यूजेस काउंटी के इमरजेंसी अधिकारियों के मुताबिक इस तूफान के कारण एक मौत की पुष्टि की गई है। वहीं चीन के ग्वांग्झू शहर में एक भयानक तूफान देखने को मिला है। यह एक इंडस्ट्रियल एरिया है, जो पूरी तरह मलबे में बदल गया है। दर्जनों लोग तूफान के कारण घायल हुए हैं। पांच लोगों की मौत हुई है। तूफान के थमने के बाद मलबे को हटाने का काम फिर शुरू हो गया।
