नई दिल्ली,
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के भारत के मुस्लिमों को लेकर दिए गए उनके बयान को लेकर निशाना साधा था. सीतारमण ने कहा था कि जिनके कार्यकाल में सात मुस्लिम देशों पर बमबारी हुई, वो भारत पर टिप्पणी कर रहे हैं. लेकिन अब ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने निर्मला सीतारमण पर पलटवार किया है.
महाराष्ट्र के अमरावती में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने सीतारमण पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारी केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा से तकलीफ हो गई है. वह कहती है कि उनके (ओबामा) कार्यकाल में कई मुस्लिम देशों पर बमबारी की गई. पीएम मोदी को 13 देशों ने अपना शीर्ष राजकीय सम्मान दिया है, जिनमें से छह मुस्लिम बहुल देश हैं. इस मामले को लेकर ओवैसी ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि लगता है कि आपकी चाय का असर ओबामा पर नहीं हुआ.
भारत के मुसलमानों को सऊदी अरब, मिस्र से लेना-देना नहीं
ओवैसी ने कहा कि वित्त मंत्री साहिबा कहती हैं कि पीएम मोदी को जिन मुस्लिम देशों ने सम्मानित किया है. उनमें सऊदी अरब, यूएई और मिस्र जैसे देश शामिल हैं. लेकिम मैं वित्त मंत्री साहिबा को बताना चाहता हूं कि मैडम अमरावती और भारत के मुसलमानों का सऊदी अरब के राष्ट्रपति से कोई लेना-देना नहीं है. अमरावती के मुसलमान का यूएई के राष्ट्रपति से कोई रिश्ता नहीं है. मिस्र के सीसी से हमें कोई मतलब नहीं है. अब आप एंटी नेशनल बात कर रही हो. भारत के 20 करोड़ मुसलमानों को ईरान, यूएई, मिस्र, इराक के नेताओं और मुसलमानों से क्या करना?
ओवैसी ने कहा कि हम भारतीय मुस्लिम हैं. वहां पर बादशाहत है मैडम लेकिन यहां पर अंबेडकर का बनाया हुआ संविधान है. आप भारत के मुसलमानों को इन देशों से जोड़ रही हो. अब आरएसएस वाले कहते हैं कि ओवैसी तुम उस मुल्क में चले जाओ. अब इनको कौन बताए कि भारत के मुसलमानों ने 1947 में फैसला ले लिया था कि हम भारत में रहेंगे. ये हमारी सरजमीं है, जहां पर हमारे पूर्वजों ने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी, फांसी पर चढ़ गई. काला पानी की सजा भुगती. हमने भारत को पसंद को किया. हमारी वफादारी की निशानियां भारत के कब्रिस्तानों में नजर आएंगी.
अल्पसंख्यकों का बजट 40 फीसदी कम क्यों किया?
ओवैसी ने सीतारमण पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर वित्त मंत्री साहिबा आपको मुसलमानों से मोहब्बत है तो आपने अल्पसंख्यकों का बजट 40 फीसदी कम क्यों किया? क्या तब आपको मुसलमानों से मोहब्बत याद नहीं आई. आपने प्री मैट्रिक स्कॉलरशिप को खत्म क्यों किया? मौलाना आजाद फैलोशिप को क्यों बंद कर दिया गया? अब मुसलमानों के बच्चे न फैलोशिप कर सकेंगे और न ही पीएचडी कर सकेंगे. आपने मदरसा स्कीम में 80 करोड़ रुपये कम कर दिए. क्या ये सब करते हुए आपको मुसलमानों से मोहब्बत याद नहीं आई?
उन्होंने कहा कि मैडम आपको ओबामा के बयान से तकलीफ हो गई. आप तो महिला है, बिलकिस बानो का रेप करने वालों को आपने छोड़ दिया. तो कहां है आपकी मुसलमानों को लेकर मोहब्बत.
ओबामा ने क्या कहा था?
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को सलाह दी थी कि उन्हें पीएम मोदी से बातचीत के दौरान मुस्लिम अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के मुद्दे को उठाना चाहिए. ओबामा ने कहा था कि अगर उनकी बातचीत पीएम मोदी से होगी, तो वह भारत में अल्पसंख्यकों के अधिकारों पर चर्चा करेंगे और अगर उनके अधिकारों की रक्षा नहीं की गई तो क्या होगा.
बराक ओबामा ने गुरुवार (अमेरिकी समयानुसार) को CNN को दिए इंटरव्यू में कहा था कि यदि मेरी पीएम मोदी से बातचीत होती, जिन्हें मैं अच्छी तरह से जानता हूं तो मैं यही कहता कि यदि आप भारत में जातीय अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा नहीं करते हैं, तो मुमकिन है कि भविष्य में भारत में विभाजन बढ़े. ये भारत के हितों के विपरीत होगा.” उन्होंने कहा, हिंदू बहुसंख्यक भारत में मुस्लिम अल्पसंख्यकों की सुरक्षा काबिले-जिक्र है
