भोपाल
कोलार रोड इलाके में चैत्र नवरात्र के अवसर पर आयोजित चुनरी यात्रा के दौरान गोली चलने की घटना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार चुनरी यात्रा संदीप ठाकुर की ओर से आयोजित की गई थी। यह यात्रा खजूरा स्थित काली माता मंदिर में चुनरी चढ़ाने के लिए निकाली गई थी। यात्रा में सुरक्षा के लिहाज से पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। महिलाओं के अलावा कोलार क्षेत्र के विभिन्न थानों से संदीप ठाकुर के मित्र और परिजन भी यात्रा में शामिल हुए थे।
बताया जा रहा है कि शाम करीब साढ़े सात बजे जब यात्रा ललिता नगर के आगे पहुंची, तब नाचने की बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी।
इसी दौरान थाना क्षेत्र के गुंडा बदमाश अंकुरिया ने दूसरे पक्ष को डराने के लिए पिस्टल से फायर कर दिया। हालांकि गोलीबारी में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ, लेकिन मारपीट की घटना में हर्षिम नाम का एक युवक घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फायर करने वाले बदमाश की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि फायरिंग करने वाला आरोपी हिस्ट्रीशीटर जीत यादव का साथी है और वह पहले से ही हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहा है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
Read Also :- मुख्यमंत्री डॉ. यादव जनसेवा, सुशासन और विकास के प्रतीक: राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर
